चंडीगढ़ में पासपोर्ट ऑफिस उड़ाने की धमकी से हड़कंप:ईमेल में लिखा- सायनाइड भरे 14 IED लगाए, जिन पुलिसवालों को सजा मिली वे बेकसूर

चंडीगढ़ में विदेश मंत्रालय से जुड़े अधिकारियों को एक ईमेल मिली, जिसमें पासपोर्ट ऑफिस और पोस्ट ऑफिसों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। ईमेल में कहा गया है कि डाकघरों और पासपोर्ट ऑफिस में सायनाइड भरे कुल 14 जहरीले IED लगाए गए हैं। ईमेल में मैथ्यू वैनडाइक और जाफर सादिक को रिहा करने की बात लिखी गई है। यह ईमेल रविवार-सोमवार की दरमियानी रात 1 बजे भेजा गया और सोमवार दोपहर 1 बजकर 15 मिनट पर ब्लास्ट होने की बात कही गई। ई-मेल भेजने वाले ने खुद को आजाद द्रविड़ नाडु से जुड़ा हुआ बताया। इसमें उसने धमकी के पीछे की वजह तमिलनाडु में राजनीतिक, पुलिस के मामलों के साथ बांग्लादेश से जुड़ी घटनाओं पर नाराजगी को बताया है। इसके अलावा कुछ मामलों में अवैध पुलिस कार्रवाई और अधिकारियों पर अन्यायपूर्ण व्यवहार का आरोप लगाया है। यह ईमेल मिलने के बाद चंडीगढ़ पुलिस एक्टिव हुई और पासपोर्ट ऑफिस खाली करवाकर उसकी तलाशी ली। हालांकि, पुलिस को कुछ मिला नहीं। इसके बाद टीम डाकघरों में नहीं गई। पुलिस का कहना है कि इस ईमेल का चंडीगढ़ से कुछ लेना-देना नहीं है, लेकिन एहतियातन पासपोर्ट ऑफिस की तलाशी ली गई है। इस ईमेल की जांच की जा रही और इसमें लिखी बातों के बारे में पता लगाया जा रहा है। ई-मेल में ये 3 बातें लिखी हैं… धमकी भरी ई-मेल… पुलिस ईमेल आईपी को ट्रेस कर रही पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल की मदद ले रही है। ईमेल की आईपी को ट्रेस करने के लिए तकनीकी पड़ताल जारी है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी तरह की दहशत फैलाने की जरूरत नहीं है, लेकिन एहतियात के तौर पर सभी संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस स्टेशन-31 के थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हरिओम शर्मा ने बताया इंडस्ट्रियल एरिया फेज 2 स्थित पासपोर्ट ऑफिस में 2 घंटे तक सर्च चली। इस दौरान स्टाफ को बाहर निकल गया और पूरे ऑफिस की जांच की गई, लेकिन पुलिस को इस दौरान वहां से कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। थाना प्रभारी ने बताया कि ईमेल नीरजा गांधी की तरफ से भेजा गया है, लेकिन उसका कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड चंडीगढ़ में नहीं है। वहीं, ईमेल में जिन मैथ्यू वैनडाइक और जाफर सादिक को छोड़ने की बात लिखी है, वह चंडीगढ़ की जेल में नहीं हैं। फिर भी ईमेल हमें मिली है, इसलिए सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। पहले भी मिल चुकी धमकियां यह पहली बार नहीं है जब चंडीगढ़ में इस तरह की धमकी मिली हो। इससे पहले शहर के स्कूलों को 2 बार बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी हैं। इसी तरह पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट को 3 बार और चंडीगढ़ जिला अदालत को भी 3 बार बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। हालांकि, हर बार जांच के दौरान पुलिस को कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *