चंडीगढ़ में पिल्ले को जलते तंदूर में फेंका:मौके पर हुई मौत, आरोपी के खिलाफ क्रूरता का केस दर्ज; CCTV खंगाल रही पुलिस

चंडीगढ़ के बापू धाम इलाके से दिल दहला देने वाली हैवानियत का मामला सामने आया है। यहां सेक्टर-26 स्थित बापू धाम कॉलोनी में एक बेज़ुबान पिल्ले (Puppy) को जलते हुए तंदूर में फेंक दिया गया। आग में बुरी तरह झुलसने के कारण मासूम पिल्ले ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस क्रूरता के बाद पूरे शहर में गुस्सा है। सेक्टर-26 थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मंडी से लौट रहे मजदूर ने देखा पुलिस को दी शिकायत में बापू धाम कॉलोनी के रहने वाले संजय कुमार ने बताया कि वह सेक्टर-26 की सब्जी मंडी में मजदूरी करते हैं। रात करीब 1:40 बजे जब वह काम खत्म कर घर लौट रहे थे, तो उन्होंने संपर्क सेंटर के पास एक अज्ञात शख्स को देखा, जिसके हाथ में एक पिल्ला था। जैसे ही वह शख्स नूरानी ढाबे के बाहर पहुंचा, उसने बेरहमी से पिल्ले को दहकते हुए तंदूर के अंदर फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। मैंने जैसे ही यह देखा, मैं तुरंत तंदूर की तरफ भागा और भारी मशक्कत के बाद पिल्ले को बाहर निकाला। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पिल्ले की सांसें थम चुकी थीं। इसके बाद मैंने उसे बापू धाम कॉलोनी के पास सुखना चोए के नजदीक दफना दिया। अगर आरोपी सामने आए, तो मैं उसे पहचान सकता हूं। प्रिवेंशन ऑफ क्रुएल्टी टू एनिमल्स एक्ट में मामला दर्ज बापू धाम पुलिस चौकी के एएसआई (ASI) विक्रम ने शिकायत के आधार पर तुरंत कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ FIR नंबर 58 दर्ज कर ली है। आरोपी के खिलाफ प्रिवेंशन ऑफ क्रुएल्टी टू एनिमल्स एक्ट, 1960 की धारा 11(1)(l) और भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 325 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *