चंडीगढ़ में सरेआम शराब के लंगर का VIDEO:बर्फ के गोलों में मिलाई गई, ठेके के बाहर लगाया था स्टॉल

चंडीगढ़ के सेक्टर-9 मार्केट में सरेआम सड़क पर शराब परोसी गई। यहां शराब ठेके के बाहर बर्फ के गोलों (चुस्की) में शराब मिलाकर लोगों को मुफ्त बांटे गए। इसका वीडियो भी सामने आया है। जहां लोग शराब वाले बर्फ के गोले लेते दिखे। ये वीडियो खुद ही शराब के ठेकेदार ने शनिवार को इंस्टाग्राम पर डाला गया था। वायरल होने के बाद उसने इस वीडियो को इंस्टाग्राम से हटा लिया। हालांकि, इस वीडियो को डिलीट होने से पहले किसी यूजर ने डाउनलोड कर लिया था। जहां ये बर्फ गोले के बांटे गए उससे 300 मीटर की दूरी पर चंडीगढ़ पुलिस का मुख्यालय स्थित है। चंडीगढ़ प्रशासन के उच्च अधिकारी और प्रशासक का कार्यालय भी सेक्टर-9 में ही मौजूद है। जामुन चुस्की में मिलाई गई वोदका
जानकारी के अनुसार मार्केट स्थित एक शराब ठेके के बाहर स्टॉल लगाया गया था। यहां आने वाले लोगों को जामुन फ्लेवर वाली बर्फ की चुस्की दी जा रही थी। इन चुस्कियों में वोदका मिलाकर परोसी गई। वीडियो में लोग स्टॉल के आसपास खड़े दिखाई दे रहे हैं। कई लोग हाथों में चुस्की लिए नजर आ रहे हैं। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मौके पर शराब की बोतलें भी बांटी गईं या सिर्फ चुस्की के जरिए शराब परोसी गई। लोगों ने उठाए सवाल
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों सुरेश, राजू और दशरथ ने कहा कि शहर में पहली बार इस तरह खुलेआम शराब को प्रमोशनल तरीके से बांटा गया। उन्होंने कहा कि क्या शराब को खाद्य सामग्री में मिलाकर सार्वजनिक रूप से बांटना आबकारी नियमों के तहत वैध है। इसके लिए क्या प्रशासन से अनुमति ली गई थी। DSP बोले- कार्रवाई की जा रही
डीएसपी दलबीर सिंह ने बताया कि सेक्टर 9 में शराब के ठेके के बाहर शराब का लंगर लगाया गया था। जिसके बारे में पुलिस को भी सूचना मिली थी। मामले में कार्रवाई की जा रही है किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *