चंडीगढ़ पुलिस ने सेक्टर-38 स्थित सुपर मार्केट में हुई चोरी की वारदात को 18 घंटे के भीतर सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान जितेंद्र शर्मा निवासी नया गांव जिला मोहाली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नकदी और मूल दस्तावेज बरामद किए हैं। आरोपी को डीएसपी धीरज कुमार की सुपरविजन में थाना-39 प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव कुमार की अगुवाई में पकड़ा गया है। सुपरमार्केट का ताला तोड़कर की चोरी पुलिस के अनुसार सेक्टर-9 पंचकूला निवासी शुभम मित्तल ने शिकायत दी थी कि वह सेक्टर-38C स्थित न्यू अन्नपूर्णा स्टोर नाम से सुपरमार्केट चलाते हैं। 26 मई की रात करीब 10:30 बजे दुकान बंद कर घर गए थे। सुबह करीब 9:15 बजे जब वह दुकान पहुंचे तो पीछे के शटर का ताला टूटा मिला। जांच करने पर दुकान से करीब 2.5 लाख रुपए नकद और आधार कार्ड व पैन कार्ड वाला पर्स गायब मिला। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 27 मई को आरोपी जितेंद्र शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी से कुछ नकदी और चोरी किए गए मूल दस्तावेज बरामद हुए। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी सेक्टर-11 थाना में चोरी से संबंधित मामला दर्ज है। कांच की शीशा तोड़कर अंदर घुसा आरोपी ने दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया, जिसकी पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि आरोपी अकेला था और उसने अपना चेहरा लाल कपड़े से ढका हुआ था। साथ ही सिर पर कैप पहन रखी थी, ताकि उसका चेहरा कैमरे में कैद न हो सके। आरोपी ने पहले दुकान का ताला तोड़ा और अंदर घुसने की कोशिश की, लेकिन आगे कांच का शीशा लगा हुआ था। इसके बाद आरोपी ने शीशा तोड़ना शुरू किया और उसमें रास्ता बनाकर दुकान के अंदर दाखिल हो गया। अंदर घुसने के बाद उसने कैश और अन्य सामान चोरी कर लिया। आरोपी से पूछताछ कर रही पुलिस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सड़क पर भागता हुआ गया और आगे जाकर एक एक्टिवा स्टार्ट कर वहां से फरार हो गया। पुलिस ने दुकान और आसपास की सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें आरोपी की पूरी गतिविधि कैद हो गई। इसके बाद पुलिस ने एक्टिवा को ट्रेस कर आरोपी तक पहुंच बनाई और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। फिलहाल कुछ बरामदगी हुई है।