चंडीगढ़ 2027 एशियन रिले चैंपियनशिप की करेगा मेजबानी:38 साल बाद बड़ा खेल टूर्नामेंट; एशियन एथलेटिक्स एसोसिएशन की बैठक में फैसला

चंडीगढ़ को अंतरराष्ट्रीय खेल में बड़ी पहचान मिली है। एशियन एथलेटिक्स एसोसिएशन ने शहर को 2027 एशियन रिले चैंपियनशिप की मेजबानी सौंप दी है। यह प्रतियोगिता मई 2027 में चंडीगढ़ में आयोजित होगी, जिसमें एशिया के कई प्रमुख देश हिस्सा लेंगे। करीब 38 साल बाद चंडीगढ़ में कोई बड़ा अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन होने जा रहा है। इससे पहले वर्ष 1989 में शहर ने एशियन रोइंग चैंपियनशिप की मेजबानी की थी। हांगकांग में हुई बैठक में लिया गया फैसला यह फैसला बुधवार को हांगकांग में हुई एशियन एथलेटिक्स एसोसिएशन की काउंसिल मीटिंग में लिया गया। चंडीगढ़ की मेजबानी के लिए प्रस्तुति यूटी प्रशासन के गृह सचिव मंदीप सिंह बराड़ और एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रतियोगिता निदेशक रविंदर चौधरी ने दी। प्रेजेंटेशन में चंडीगढ़ की विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं, बेहतर कनेक्टिविटी, सुव्यवस्थित शहरी ढांचा, हरित वातावरण और खेल संस्कृति को प्रमुखता से रखा गया। गुलाब चंद कटारिया बोले- शहर के लिए गर्व का पल पंजाब के राज्यपाल और यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने इस उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ के लिए यह बेहद गर्व का क्षण है और इससे शहर की पहचान अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के केंद्र के रूप में और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि सिटी ब्यूटीफुल एशिया भर से आने वाले खिलाड़ियों और मेहमानों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। प्रशासन खेल इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने और युवाओं में खेल संस्कृति विकसित करने के लिए लगातार काम करता रहेगा। ओपन हैंड मोमेंटो भेंट किया एशियन एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष दहलान जुमान अल-हमद ने चंडीगढ़ को मेजबानी मिलने पर बधाई दी। इस दौरान चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से उन्हें शहर का प्रतीक ओपन हैंड मोमेंटो भी भेंट किया गया। खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मिलेगा बढ़ावा प्रशासन का मानना है कि इस आयोजन से शहर में खेल सुविधाओं के और उन्नयन को गति मिलेगी। साथ ही चंडीगढ़ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के पसंदीदा केंद्र के रूप में उभर सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *