चंडीगढ़ के सेक्टर-7 स्थित मेट्रो स्पोर्ट्स शोरूम में हुई 35 लाख रुपए की चोरी के मामले में सेक्टर-26 थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले का मास्टरमाइंड शोरूम का पूर्व कर्मचारी निकला, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर पूरी वारदात की साजिश रची थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जीरकपुर के ढकोली निवासी गुरसेवक उर्फ हैप्पी (29), सोनू उर्फ आर्यन (23) और विशाल (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से 12 लाख रुपए बरामद कर लिए हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी के करीब दो लाख रुपए हेरोइन, महंगे मोबाइल फोन और कपड़े खरीदने में खर्च कर चुके हैं। बाकी रकम की बरामदगी के लिए पुलिस ने आरोपियों को रिमांड पर लिया है। चोरी की बाइक से पहुंचे, कटर से तोड़े ताले पुलिस के अनुसार आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए पहले सेक्टर-47 से एक बाइक चोरी की थी। 13 और 14 मई की दरमियानी रात सोनू और विशाल उसी बाइक पर सेक्टर-7 स्थित शोरूम पहुंचे। विशाल बाहर बाइक पर बैठकर निगरानी करता रहा, जबकि सोनू ने कटर से शटर के ताले काटे और बैग में लाखों रुपए की नकदी भर ली। इसके बाद दोनों आरोपी सीधे ढकोली स्थित किराये के मकान में पहुंचे, जहां गुरसेवक पहले से मौजूद था। वारदात के बाद आरोपियों ने रकम आपस में बांट ली और अगले ही दिन करीब 30 हजार रुपए की हेरोइन खरीद ली। पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपी लगातार नशा कर रहे थे और चोरी के पैसों से महंगे मोबाइल फोन व कपड़े खरीद रहे थे। नौकरी से निकाले जाने का था बदला पुलिस जांच में सामने आया कि गुरसेवक वर्ष 2023 में इसी शोरूम में काम कर चुका था। कैश में गड़बड़ी के चलते उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। इसी बात को लेकर वह शोरूम मालिकों से रंजिश रखता था। गुरसेवक नशे का आदी है और उसकी दोस्ती सोनू उर्फ आर्यन और विशाल से थी। तीनों साथ में नशा करते थे। इसी दौरान गुरसेवक ने अपने साथियों को बताया कि शोरूम में अक्सर भारी नकदी रखी जाती है। इसके बाद तीनों ने मिलकर चोरी की साजिश तैयार की। काला जठेड़ी गैंग से संपर्क की जांच पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी विशाल का नाम गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी काला जठेड़ी के संपर्क में आने को लेकर सामने आया है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है। विशाल पहले पटियाला जेल में आर्म्स एक्ट के मामले में चार साल की सजा काट चुका है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं आरोपियों का संबंध किसी संगठित गैंग से तो नहीं है। सेक्टर-26 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राम रतन शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुरसेवक उर्फ हैप्पी को ढकोली से गिरफ्तार किया, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।