जहानाबाद में ट्रक-स्कूल बस की टक्कर:3 बच्चे और ट्रक चालक घायल, गाड़ी बच्चों को लेकर गया जा रही थी

जहानाबाद में मंगलवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-22 पर मई हाल्ट के पास एक ट्रक और स्कूली बस की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में तीन स्कूली बच्चे और ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद ट्रक चालक को गंभीर स्थिति में पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया है। बच्ची के बस में चढ़ने के दौरान एक्सीडेंट यह दुर्घटना तब हुई जब जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल की बस जहानाबाद से बच्चों को लेकर गया जा रही थी। बस में लगभग 30 बच्चे सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मई हाल्ट के पास एक बच्ची बस में चढ़ रही थी और बस सड़क की गलत दिशा में खड़ी थी। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रक ने बस को टक्कर मार दी।
बच्ची के सिर में गंभीर चोट लगी टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे ट्रक चालक अजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। अजय कुमार घोसी थाना क्षेत्र के सरिसताबाद गांव का निवासी है। हादसे में बस पर चढ़ रही बच्ची मानसी कश्यप के सिर में गंभीर चोट लगी है, जिसे बेहतर इलाज के लिए परिजन पटना ले गए हैं। बस में सवार हसीर कादरी और यूसुफ कादरी भी घायल हुए हैं। कुछ अन्य बच्चों को भी हल्की चोटें आई हैं, जिनका इलाज जहानाबाद सदर अस्पताल में जारी है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नगर थाना प्रभारी उमेश प्रसाद ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *