जालंधर स्थित राजा गार्डन इलाके में गुटका साहिब की बेअदबी का एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय सिख संगत और निहंग सिंह जत्थेबंदियां बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गईं। इस घटना को लेकर इलाके के लोगों में भारी गुस्सा है, जिसके बाद स्थिति को संभालने के लिए थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस और पीसीआर (PCR) टीमें तुरंत मौके पर तैनात कर दी गई हैं। पुलिस ने प्रभावित धार्मिक सामग्री को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय चश्मदीदों और नौजवानों के मुताबिक, राजा गार्डन इलाके में गुटका साहिब के अंग (पन्ने) बिखरे हुए पाए गए, जो मिट्टी में सने हुए थे। आरोप है कि पास में ही किसी जानवर या कुत्ते द्वारा गंदगी फैलाए जाने के निशान भी मिले, जिससे लोगों की धार्मिक भावनाएं बुरी तरह आहत हुईं। वहां मौजूद लोगों का आरोप है कि यह सब कुछ बाहरी राज्यों से आए कुछ असमाजिक तत्वों द्वारा जानबूझकर आपसी भाईचारा बिगाड़ने के लिए किया गया है।
निहंग सिंहों ने कड़ा रोष जताया घटना के बाद मौके पर पहुंचे निहंग सिंहों ने कड़ा रोष जताते हुए कहा कि एक तरफ सरकार कड़े कानून बनाने की बात करती है, लेकिन दूसरी तरफ बेअदबी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि धर्म के अपमान को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को सबक सिखाया जाएगा।
पुलिस प्रशासन की कार्रवाई तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए थाना बस्ती बावा खेल के एसएचओ (SHO) अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आक्रोशित भीड़ को शांत कराया और गुटका साहिब के अंगों को पूरे सम्मान के साथ समेटकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए थाने भिजवाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहे हैं। इलाके में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि यह साफ हो सके कि यह हरकत किसने और किस समय की। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोपहर के समय जब ज्यादातर लोग काम पर गए हुए थे, तब इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया गया। सख्त सजा देने की मांग सिख जत्थेबंदियों और लकी खालसा समेत अन्य नौजवानों ने पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में शामिल दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। उन्होंने कहा कि कानून के तहत ऐसी सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए जो समाज में एक मिसाल बने, ताकि भविष्य में कोई भी किसी भी धर्म के ग्रंथ का अपमान करने की हिम्मत न कर सके। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।