जालंधर नगर कौंसिल व पंचायत चुनाव आज:बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतेजाम, 8 बजे शुरु होगा मतदान, 341 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला

जालंधर जिले की 5 नगर कौंसिलों और 2 नगर पंचायतों के 99 वार्डों के चुनाव के लिए आज सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो जाएगा। जो शाम 5 बजे तक चलेगा। शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा 133 पोलिंग पार्टियां (करीब 800 स्टाफ सदस्य) पोलिंग स्टेशनों पर तैनात की गई हैं। इस चुनाव में कुल 1,08,067 मतदाता अपने वोट के अधिकार का उपयोग करके 341 उम्मीदवारों की राजनीतिक किस्मत का फैसला करेंगे। सुरक्षा के लिए करीब 1200 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए गए हैं तथा वोटों की गिनती 29 मई 2026 को होगी। इससे पहले बीते दिन सोमवार को जिला प्रशासन द्वारा सभी डिस्पैच सेंटरों से 133 पोलिंग पार्टियों को चुनाव सामग्री के साथ पोलिंग स्टेशनों के लिए रवाना किया गया था। डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी श्री वरजीत वालिया ने स्वयं पोलिंग पार्टियों का मनोबल बढ़ाया और चुनाव स्टाफ को अपनी अहम ड्यूटी पूरी ईमानदारी और तनदेही से निभाने के लिए प्रोत्साहित किया।
341 उम्मीदवार मैदान में इस चुनाव में कुल 341 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला आज जिले के 1,08,067 मतदाता करेंगे। कुल मतदाताओं में 54,943 पुरुष, 53,116 महिलाएं और 8 अन्य मतदाता शामिल हैं। मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से निपटाने के लिए करीब 800 पोलिंग स्टाफ तैनात है, जिसमें 20 प्रतिशत स्टाफ रिजर्व के रूप में शामिल किया गया है। हर पोलिंग पार्टी में एक पी.आर.ओ., एक ए.पी.आर.ओ. और 3 पी.ओ. तैनात हैं।
नकोदर में सबसे अधिक मतदाता क्षेत्रवार मतदाताओं की बात करें तो नगर कौंसिल नकोदर में सबसे अधिक 27,964 मतदाता हैं। इसके अलावा करतारपुर में 19,736, फिल्लौर में 19,179, आदमपुर में 12,610 और नूरमहल में 11,105 मतदाता अपने अधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। वहीं, नगर पंचायत लोहियां में 7,958 और नगर पंचायत महितपुर में 9,515 मतदाता वोट डालेंगे। उम्मीदवारों की संख्या के लिहाज से नगर कौंसिल फिल्लौर में सबसे कड़ा मुकाबला है, जहां 15 वार्डों के लिए 57 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा नकोदर के 17 वार्डों के लिए 55, करतारपुर के 15 वार्डों के लिए 50, आदमपुर में 44 और नूरमहल में 41 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं, नगर पंचायत महितपुर और लोहियां खास के 13-13 वार्डों के लिए 47-47 उम्मीदवार मैदान में डटे हैं।
बिना किसी डर, भय और लालच के मतदान करे जिला चुनाव अधिकारी ने मतदाताओं से बिना किसी डर, भय और लालच के अपने वोट के अधिकार का उपयोग करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं के पास वोटर फोटो पहचान पत्र नहीं है, लेकिन मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज है, वे राज्य चुनाव आयोग द्वारा मान्यता प्राप्त 15 अन्य वैकल्पिक दस्तावेजों (जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, पैन कार्ड, राशन कार्ड आदि) को दिखाकर भी अपना वोट डाल सकते हैं। आज होने वाले इस मतदान के नतीजों की घोषणा यानी वोटों की गिनती 29 मई 2026 को की जाएगी।
पुलिस के सुरक्षा के कड़े इंतेजाम सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एस.एस.पी. जालंधर (देहाती) हरविंदर सिंह विरक ने बताया कि चुनावों के मद्देनजर जालंधर देहाती पुलिस द्वारा सुरक्षा के बेहद कड़े प्रबंध किए गए हैं। अमन और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में करीब 1200 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए गए हैं। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पोलिंग बूथों पर 24 घंटे पैनी नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *