यूपी के महराजगंज में एक ही बाइक पर सवार परिवार के 3 लोगों को तेज रफ्तार ट्रेलर ने कुचल दिया। हादसे में पति-पत्नी और 7 महीने की मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रेलर की तेज टक्कर के कारण तीनों के सिर फट गए। हेलमेट पहने होने के बावजूद बाइक चला रहे पति की जान नहीं बच सकी। पति-पत्नी अपनी बीमार बेटी का इलाज कराने के लिए अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पत्नी और बेटी ट्रेलर के नीचे आ गए, जबकि चालक पति 4 फीट दूर जा गिरा। पुलिस ने तीनों को अस्पताल भिजवाया, जहां मृत घोषित कर दिया गया। घटना को अंजाम देने के बाद भागने की कोशिश कर रहे ट्रेलर चालक को पुलिस ने 12 किलोमीटर तक ट्रेस करते हुए गिरफ्तार कर लिया। घटना जिला मुख्यालय से 25 किलोमीटर दूर चंदुरियां थाना क्षेत्र में सिंदुरिया-चिउटहां मार्ग पर बलुवही धूंस गांव के पास की है। अब पूरा मामला विस्तार से…
थाना कोठीभार के पकड़ी भारतखंड निवासी नौशाद (28) की बेटी सलेहा (7 माह) की तबीयत खराब थी। वे बेटी को लेकर पत्नी सलेहा (26) के साथ गुरुवार दोपहर अस्पताल जाने के लिए घर से बाइक लेकर निकले थे। इस बीच, जरूरी काम से सिंदुरिया थाना क्षेत्र में ईंट भट्ठे के पास रुके थे। काम निपटाने के बाद जैसे ही अस्पताल के लिए बढ़े, कुछ ही दूरी पर सिंदुरिया-चिउटहां मार्ग पर बलुही धूस गांव के पास एक तेज रफ्तार गिट्टी लदे ट्रेलर (बीआर 28 जीबी 9110) ने दोपहर करीब 1 बजे पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पत्नी और बेटी पहिए के नीचे आ गए। पति सिर के बल दूर जा गिरा। हादसे में तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रोड पर खून ही खून फैल गया। हेलमेट पहने होने के बावजूद नौशाद का सिर फट गया। भीड़ को जुटता देख ट्रेलर चालक भागने की कोशिश करने लगा, पर राहगीरों ने उसके पकड़ लिया। राहगीरों की सूचना पर सिंदुरिया थाना प्रभारी राजकुमार सिंह फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। तीनों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एएसपी सिद्धार्थ ने बताया- प्रथम दृष्टया हादसा तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर के कारण हुआ प्रतीत होता है। ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। 12 किलोमीटर दूर पकड़ा गया ट्रेलर चालक
थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया- हादसे की जानकारी मिलते ही हम घटनास्थल पर पहुंचे थे। लोगों से ट्रेलर का नंबर पता चल गया। तत्काल सर्विलांस और आसपास के थानों की मदद से आरोपी चालक को घटना स्थल से 12 किलोमीटर दूर घुघुली थाना क्षेत्र के पकड़ी विशुनपुर के पास पकड़ लिया गया। ट्रेलर को जब्त कर लिया गया है। 4 साल पहले हुई थी शादी
परिजनों ने बताया- नौशाद दो भाइयों में छोटा था। बड़ा भाई दिल्ली में परिवार समेत रहता है। प्राइवेट जॉब करता है। वहीं नौशाद घर पर ही रहकर पिता के साथ खेती-बाड़ी करता था। 4 साल पहले ही उसकी शादी सलेहा से हुई थी। शहजादी उसकी इकलौती बेटी थी। ————————————
ये खबर भी पढ़िए… यूपी के मिर्जापुर में सड़क हादसा, 11 की मौत:इनमें से 9 जिंदा जले, बोलेरो और कार ट्रक-ट्राले से टकराईं, बोलेरो में आग लगी
यूपी के मिर्जापुर में बुधवार रात सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। इनमें बोलेरो सवार 9 लोग जिंदा जल गए। हादसा रात 9.30 बजे मिर्जापुर-रीवा नेशनल हाईवे पर हुआ। पुलिस के मुताबिक, एक तेज रफ्तार ट्रक का अचानक ब्रेक फेल हो गया। वो बेकाबू हो गया। ट्रक ने आगे चल रही बोलेरो और स्विफ्ट कार को टक्कर मार दी। दोनों गाड़ियां आगे चल रहे एक ट्राले से जा टकरा गईं। पूरी खबर पढ़िए…