सिरसा जिले में डबवाली के गांव चौटाला में एक किसान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में मिला है। मृतक की पहचान चौटाला निवासी पद्मराज पुत्र बनवारी लाल के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने मानसिक तनाव के चलते जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या की है। इसका एक सीसीटीवी भी सामने आया है, जिसमें किसान घर से हाईवे की किनारे साइड में लिंक रोड से जाता दिखाई दे रहा है। मृतक पदमराज परिवार के साथ आशा खेड़ा रोड की ओर ढाणी में रहता था। उसका शव मिलने से ग्रामीणों में चर्चा का माहौल है। परिजनों व पुलिस के अनुसार, पद्मराज का अपने पिता के साथ जमीन को लेकर लंबे समय से अदालत में विवाद चल रहा था। हाल ही में कोर्ट का फैसला उनके खिलाफ आया था, जिससे वे गहरे सदमे में थे और मानसिक तनाव में रहने लगे थे। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। अभी पुलिस जांच में जुटी है। 24 मई को घर से निकलना था परिजनों के अनुसार, पदमराज 24 मई को बिना बताए घर से चले गए थे। काफी तलाश के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने चौटाला पुलिस चौकी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। सोमवार सुबह गांव के लोगों ने खेत में एक शव पड़ा देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शुरुआती तौर पर जहरीला पदार्थ सेवन करने की आशंका व्यक्त की है। कोर्ट केस हारने के बाद परेशान थे- बेटा मृतक के बेटे पवन कुमार ने पुलिस को बताया कि कोर्ट केस हारने के बाद उनके पिता बेहद परेशान और गुमसुम रहते थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। चौटाला पुलिस चौकी प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।