तरनतारन की वल्टोहा थाने की पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ एक गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से दो राइफलें, एक जगना पिस्तौल, 60 जिंदा कारतूस, एक देसी चाकू, एक डोंगल और एक XUV गाड़ी बरामद की है। पुलिस आरोपियों की अपराधिक हिस्ट्री खंगाल रही है। इतने बड़े और भारी हथियार मिलने से पुलिस को किसी बड़ी वारदात करने की साजिश का शक है। यह पता लगा रही है कि हथियार उन्हें कहां से मिले और उन्होंने कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। हेड सब इंस्पेक्टर सविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी गांव कलंदर ड्रेन पट्टी में वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक XUV गाड़ी को रुकने का इशारा किया गया। गाड़ी में सवार तीन लोगों की तलाशी ली गई तो उनके पास से 2 राइफल 12 बोर, एक जगना पिस्तौल 30 बोर, 10 जिंदा कारतूस 30 बोर, 30 जिंदा कारतूस 12 बोर, 20 जिंदा कारतूस 315 बोर, एक देसी चाकू और एक डोंगल बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतपाल सिंह पुत्र निरवल सिंह निवासी भूरा कोहना, लवप्रीत सिंह पुत्र प्रताप सिंह निवासी असल उत्तर और जसबीर सिंह पुत्र अंग्रेज सिंह निवासी खेमकरण के रूप में हुई है। वल्टोहा थाने में उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। इसके बाद कोर्ट में पेश किया कोर्ट ने आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।