मुजफ्फरपुर में एक शख्स की शादी से तीन दिन पहले मौत हो गई। वो अपनी तीसरी शादी से पहले हो रही पूजा के लिए सामान खरीदने बाजार गया था। मृतक की पहचान रंजीत भगत(45) के रूप में हुई है। रंजीत की मौत का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दिख रहा है कि रविवार की शाम रंजित सड़क किनारे बाइक के पास खड़े होकर अपने दोस्त से बात कर रहा था। अचानक उसके सीने में दर्द होता है और वो जमीन पर गिर जाता है। 10 सेकेंड के अंदर उसकी जान चली जाती है। चर्चा है कि रंजित की मौत हार्ट अटैक की वजह से हुई है। 2 तस्वीरों से समझिए पूरा मामला अब सिलसिलेवार तरीके से जानिए क्या है पूरा मामला… घोड़ी चढ़ने से दो दिन पहले निकली अर्थी पूरा मामला जिले के कुढ़नी प्रखंड के केरमा गांव का है। रंजीत भगत की तीसरी शादी होने वाली थी। बुधवार 13 मई को बारात निकलनी थी, लेकिन हादसे की वजह से सोमवार को अंतिम यात्रा निकली। परिवार और ग्रामीणों के मुताबिक रंजीत भगत अपनी तीसरी शादी की तैयारियों में पूरी तरह जुटे हुए थे। उनकी शादी डेराचक गांव में तय हुई थी। घर में पिछले कई दिनों से गीत-मंगल, पूजा और शादी की रस्मों का माहौल था। बैंड-बाजा से लेकर लग्जरी कार तक की बुकिंग हो चुकी थी। लेकिन रविवार को एक पल में सबकुछ बदल गया। रविवार को रंजीत भगत सत्यनारायण पूजा के लिए सामान खरीदने केरमा चौक पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द उठा। वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही वे जमीन पर गिर पड़े। आसपास के लोगों ने उन्हें संभालने और बचाने की कोशिश की, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। दो शादियां टूटीं, तीसरी शादी होने वाली थी ग्रामीणों के अनुसार रंजीत भगत वैशाली जिले के एक निजी डिग्री कॉलेज में कार्यरत थे। उनकी पहली शादी समस्तीपुर जिले में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद उनकी पत्नी को शिक्षिका की नौकरी मिल गई और बाद में वह अलग रहने लगी। इसके बाद उसने दूसरी जगह विवाह कर लिया। कुछ साल बाद परिजनों की पहल पर उनकी दूसरी शादी वैशाली जिले के एक शिक्षित परिवार में हुई। लेकिन वह रिश्ता भी ज्यादा दिनों तक नहीं चल सका। दूसरी पत्नी ने भी उनके साथ रहने से इंकार कर दिया। इन घटनाओं के बाद रंजीत लंबे समय तक अकेले रहे। संयुक्त परिवार में रहने वाले रंजीत के दोनों भाइयों की शादी हो चुकी थी। परिवार में किसी चीज की कमी नहीं थी, लेकिन संतान सुख के लिए रंजित ने तीसरी शादी का फैसला किया था। परिजनों का कहना है कि इस शादी को लेकर वे बेहद उत्साहित थे और हर तैयारी खुद कर रहे थे। शादी की हर तैयारी पूरी, लेकिन नहीं निकल सकी बारात परिवार के मुताबिक रंजीत भगत ने शादी के लिए 42 हजार रुपए में बैंड-बाजा बुक किया था। दर्जनभर गाड़ियों की व्यवस्था की गई थी, जबकि दूल्हे की लग्जरी कार सजाने के लिए 11 हजार रुपए अलग से तय किए गए थे। घर में मेहमानों के आने का सिलसिला शुरू हो चुका था। रंजीत के वृद्ध पिता ने रोते हुए बताया कि बेटा शादी को लेकर बहुत खुश था। उसने अपने हाथों से हर तैयारी पूरी की थी। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। सोमवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया। बड़े भाई मनोज कुमार के पुत्र ने उन्हें मुखाग्नि दी। लड़की पक्ष में भी पसरा मातम मौत की खबर मिलते ही लड़की पक्ष में भी शोक की लहर दौड़ गई। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां भी मातम का माहौल है। ग्रामीण इस घटना को नियति का क्रूर मजाक बता रहे हैं।