हिसार की गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी (GJU) में विवाद और पूर्व डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला का काफिला रोकने के मामले में जननायक जनता पार्टी ने एक CCTV वीडियो जारी किया है। 17 अप्रैल की सुबह 3 बजकर 57 मिनट पर CIA इंचार्ज पवन कुमार हाथ में पिस्तौल लेकर जजपा के हिसार से जिला प्रवक्ता रवि आहुजा के घर में दाखिल होते दिख रहे हैं। रवि आहुजा ने 2024 के विधानसभा चुनाव में हिसार से जजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। रवि आहुजा ने कहा कि मैं आम व्यापारी हूं। न मेरे खिलाफ केस, न FIR, न शिकायत। फिर भी रात को पिस्टल में गोलियां भरकर मेरे घर में पुलिस घुसी। ऐसा लगा एनकाउंटर करने वाले हैं। मेरे ऊपर बंदूक तानने वाला वही पवन कुमार, जिसने फर्जी नंबर प्लेट की गाड़ी में दिनदहाड़े सड़क पर गुंडागर्दी दिखाई। दुष्यंत चौटाला ने रवि आहुजा की पोस्ट को शेयर कर लिखा- “हरियाणा के हालात देखिए। एक आम नागरिक को सुबह 4 बजे गन लोड करके पुलिस कस्टडी में लेने पहुंचती है। उस व्यक्ति पर आज तक कोई पर्चा नहीं है। ऐसे में न्याय की क्या उम्मीद की जाए? हरियाणा सरकार से तो बिल्कुल भी नहीं।” दुष्यंत चौटाला और रवि आहुजा की पोस्ट… मानवाधिकार और अनुसूचित जाति आयोग में शिकायत गौरव सैनी, रविंद्र कुमार, तरुण गोयल, विजेंद्र धानक और जितेंद्र श्योराण की तरफ से मानवाधिकार आयोग और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग को लेटर लिख शिकायत की गई है। इन्होंने कहा कि 16 और 17 अप्रैल की रात पुलिस की अलग-अलग टीमों ने उनके घरों पर डकैतों की तरह धावा बोला। बिना किसी सर्च वारंट या महिला पुलिसकर्मी के, सादी वर्दी में आए हथियारबंद जवानों ने महिलाओं और बच्चों को धमकाया और सबूत मिटाने के लिए जबरन CCTV की DVR उखाड़ ले गए। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गौरव सैनी (अध्यक्ष, युवा विंग) के घर रात करीब 4:30 बजे लगभग 9 पुलिसकर्मी घुस गए और उनकी पत्नी व मां को हथियारों के बल पर डराया। वहीं, जिला प्रवक्ता रविंद्र कुमार उर्फ रवि के घर पुलिस ने उनके कैंसर पीड़ित पिता की मौजूदगी में उन्हें गन पॉइंट पर लिया और घर से डीवीआर उठा ले गए। आगे आरोप लगाया कि सिटी JJP के पूर्व अध्यक्ष तरुण गोयल के घर सुबह करीब 5:30 बजे छापेमारी की गई और विरोध करने पर उनकी बेटी के साथ गाली-गलौज की गई। SC सेल के अध्यक्ष विजेंद्र धानक के गांव दुर्जनपुर स्थित घर में पुलिस ने सोते हुए बच्चों के बिस्तर पर चढ़कर बदसलूकी की और जातिसूचक शब्द कहे। वहीं, जितेंद्र श्योराण के घर की अलमारियों तक की तलाशी ली गई और उनकी पत्नी के साथ भी बदसलूकी किए जाने का आरोप लगाया गया है। JJP नेताओं ने आयोग से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी पुलिस अधिकारियों (DSP कंवलजीत, इंस्पेक्टर पवन, SI अमरजीत आदि) के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए । उन्होंने विजेंद्र धानक के मामले को राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग को भी भेजने की प्रार्थना की है। दुष्यंत ने 27 अप्रैल को हिसार में महापंचायत बुलाई मामले के बाद सोमवार को हिसार, कैथल, फतेहाबाद सहित कई बार एसोसिएशन ने काम बंद रखा। सिरसा बार में निंदा प्रस्ताव पास किया गया। हिसार की टैक्स बार एसोसिएशन और बार एसोसिएशन में कामकाज पूरी तरह से बंद रहा। वहीं पंचकूला में JJP ने मीटिंग की। जिसमें फैसला हुआ कि 27 अप्रैल को हिसार में ‘छात्र हित महापंचायत’ की जाएगी। हिसार SP सिद्धांत जैन ने सभी थाना प्रभारियों की एक बैठक बुलाई और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिशा-निर्देश दिए। GJU विवाद से लेकर काफिला रोकने तक क्या-क्या हुआ, जानिए… 16 अप्रैल को GJU में प्रदर्शन
16 अप्रैल को जेजेपी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला अपने समर्थकों के साथ गुरु जम्भेश्वर यूनिवर्सिटी (GJU) में वीसी ऑफिस के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने वीसी ऑफिस का गेट तोड़ने की कोशिश की। इस मामले में हिसार पुलिस ने दिग्विजय चौटाला समेत 9 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। साथ ही 6 जजपा नेताओं को गिरफ्तार भी किया गया। हालांकि, बाद में सभी को जमानत मिल गई। 17 अप्रैल को CIA इंचार्ज से विवाद
17 अप्रैल को दुष्यंत चौटाला और दिग्विजय चौटाला इसी मामले में गिरफ्तारी देने के लिए हिसार एसपी ऑफिस जा रहे थे। दुष्यंत चौटाला ने आरोप लगाया कि ओल्ड सब्जी मंडी पुल के पास CIA इंचार्ज पवन कुमार ने काफिला रुकवाया, हथियार ताना और कुचलने की कोशिश की। वहीं, CIA इंचार्ज पवन कुमार का कहना है कि काफिले में शामिल पायलट गाड़ी ने उन्हें टक्कर मारने की कोशिश की थी। उन्होंने पायलट गाड़ी के ड्राइवर को रोककर समझाया था। दोनों पक्षों ने दी शिकायत
दुष्यंत चौटाला और CIA इंचार्ज पवन कुमार ने एक-दूसरे के खिलाफ हिसार के अर्बन एस्टेट थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने मामले की जांच के लिए एसआईटी (SIT) गठित की है। इस मामले की जांच डीएसपी कमलजीत कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि दोनों शिकायतों की जांच की जा रही है। ————————— इस विवाद से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें :- दुष्यंत चौटाला ने हरियाणा पुलिस से विवाद में महापंचायत बुलाई:बोले-DGP ने मेरा नंबर ब्लॉक किया; सरकार से डरेंगे नहीं, 27 को हिसार में दिखाएंगे ताकत दुष्यंत-CIA इंचार्ज विवाद में पुलिस ने CCTV जारी की:DSP बोले- पायलट रखने की मंजूरी नहीं, गाड़ी को टक्कर मारने की कोशिश की दुष्यंत चौटाला बोले- DGP ने मेरा फोन नहीं उठाया:CIA इंचार्ज पर FIR नहीं हुई तो हाईकोर्ट जाऊंगा; GJU केस में सभी जजपा नेताओं को जमानत दुष्यंत चौटाला पुलिसकर्मी को पकड़ने दौड़े,VIDEO:बोले- वैपन ताना, कुचलने की कोशिश की; हिसार GJU विवाद में गिरफ्तारी देने जा रहे थे