हरियाणा के नारनौल में सीएम फ्लाइंग रेवाड़ी और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार दोपहर बाद सिंघाना रोड स्थित सिटी लाइफ प्राइवेट अस्पताल पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अस्पताल में कई अनियमितताएं सामने आईं। टीम ने मौके से एक एमटीपी किट कब्जे में लेकर सील कर दी। वहीं, अस्पताल के अंदर बीयर की खाली बोतलें भी मिली। शहर में नशीली दवाएं मिलने की शिकायत के आधार पर आज निरीक्षक मुख्यमंत्री उड़नदस्ता टीम के नेतृत्व में की गई। टीम में मेडिकल अधिकारी डॉ. नवीन कुमार, एमटीपी नोडल अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार, ड्रग कंट्रोल अधिकारी प्रशांत कुमार और गुप्तचर विभाग के कर्मचारी शामिल रहे। सीएमओ कार्यालय में रजिस्ट्रेशन नहीं छापेमारी के दौरान अस्पताल संचालक इंद्रजीत व राजीव मौके पर मौजूद मिले। जांच में डॉ. इंद्रजीत का बीएएमएस सर्टिफिकेट सही पाया गया। हालांकि अस्पताल का सीएमओ कार्यालय नारनौल में एचपीआर और एचएफआर रजिस्ट्रेशन नहीं मिला। बीयर की खाली बोतलें मिलीं टीम ने पाया कि अस्पताल में ओपीडी और आईपीडी के मरीज मौजूद थे, लेकिन संचालक कोई रिकॉर्ड पेश नहीं कर सका। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग द्वारा नोटिस जारी कर आगामी कार्रवाई की जाएगी। वहीं अस्पताल के अंदर बीयर की खाली बोतलें व पेटियां भी बरामद हुई। एमटीपी किट बरामद निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में संचालित मेडिकल स्टोर पर भी कई अनियमितताएं मिलीं। वहीं अस्पताल परिसर से “प्रेगा एंड” नाम की एक एमटीपी किट बरामद हुई, जिसकी एक्सपायरी अगस्त 2027 बताई गई। नोटिस दे मांगा जवाब जांच में सामने आया कि अस्पताल के पास एमटीपी से संबंधित कोई लाइसेंस या अनुमति नहीं है। हालांकि अस्पताल में एमटीपी से जुड़े उपकरण नहीं मिले। ड्रग कंट्रोल अधिकारी ने एमटीपी किट को कब्जे में लेकर सील कर दिया। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल संचालक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।