नूंह पुलिस ने पकड़ी 30 लाख की अवैध बीयर:कंटेनर में राजस्थान ले लाई जा रही, ड्राइवर ने की भागने की कोशिश, अरेस्ट

नूंह जिले में सदर थाना पुलिस ने करीब 30 लाख रुपए कीमत की अवैध बीयर से भरा एक कंटेनर पकड़ा है। पुलिस ने कंटेनर ड्राइवर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, जयसिंहपुर चौकी प्रभारी सूबे सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम नूंह-होडल रोड स्थित दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे फ्लाईओवर के नीचे गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक कंटेनर में भारी मात्रा में बीयर भरकर राजस्थान की ओर ले जाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने पैप्सी प्लांट के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पीछा करके दबोचा कुछ समय बाद संदिग्ध कंटेनर मौके पर पहुंचा। पुलिस नाकाबंदी देखकर ड्राइवर ने वाहन को कुछ दूर पहले ही रोक दिया और भागने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस टीम ने उसका पीछा कर दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान आसिफ निवासी गांव कोटला, जिला नूंह के रूप में बताई। पुलिस द्वारा कंटेनर की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में बीयर बरामद हुई। कंटेनर से टुबर्ग बीयर की 513 पेटियों में 12,312 कैन और थंडर बोल्ट बीयर की 140 पेटियों में 3,360 कैन जब्त की गईं। इस प्रकार कुल 653 पेटी और 15 हजार 672 बीयर कैन बरामद की गईं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपए आंकी गई है। ड्राइवर नहीं दिखा सका कोई दस्तावेज जांच के दौरान आरोपी बीयर परिवहन से संबंधित कोई वैध लाइसेंस, परमिट या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोपी द्वारा आरएन इंटरप्राइजेज और शिवम लॉजिस्टिक के नाम से कुछ दस्तावेज दिखाए गए, जिनकी पुलिस जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में ये दस्तावेज संदिग्ध पाए गए हैं। जयसिंहपुर चौकी प्रभारी सूबे सिंह ने बताया कि आरोपी अवैध रूप से बीयर की यह खेप राजस्थान ले जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी, किसे सप्लाई की जानी थी और इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *