पंचकूला नगर निगम चुनाव में वार्ड 13, 14 और 15 हॉट सीट बनकर उभरे हैं, जहां जातीय समीकरण, बाहरी मतदाता और स्थानीय समस्याएं चुनावी मुकाबले को दिलचस्प बना रही हैं। पार्टियों ने सामाजिक समीकरण साधकर उम्मीदवार उतारे हैं।
दैनिक भास्कर ऐप ने तीनों ही वार्ड में स्थानीय मुद्दे जानने का प्रयास किया तो सामने आया कि डॉग बाइट, सीवरेज जाम और पार्किंग जैसी बुनियादी समस्याएं मतदाताओं के लिए बड़ा मुद्दा बनी हुई हैं। ऐसे में इन वार्डों में मुख्य मुकाबला BJP-कांग्रेस के बीच ही माना जा रहा है। वार्ड 13 में बाहरियों की बहुलता पिछली बार जीता था BJP कैंडिडेट : पंचकूला शहर के वार्ड 13 में सेक्टर-4, आधा सेक्टर-21 व देवीनगर एरिया आता है। वार्ड में वैश्य-पंजाबी की आबादी ज्यादा है। वहीं देवीनगर में गुर्जर समुदाय के वोटरों की संख्या में भी ठीक है। इसलिए BJP ने दीपक गर्ग को उम्मीदवार बनाया है। वहीं कांग्रेस ने कालका के पूर्व MLA प्रदीप चौधरी के भतीजे अक्षयदीप चौधरी को अपना प्रत्याशी बनाया है। पिछली बार यहां से BJP के सुनीत सिंगला ने 629 वोटों से जीत दर्ज की थी। वार्ड में 5940 पुरूष तथा 5558 महिला मतदाता हैं। डॉग और खाली प्लॉट बड़ा मुद्दा : वार्ड 13 के सेक्टर-21 निवासी भारत भूषण ने बताया कि डॉग्स की ज्यादा समस्या है। छोटे बच्चों और महिलाओं पर झपट पड़ते हैं। सामान डिलीवरी करने वाले बाइक पर भी ज्यादा अटैक करते हैं। लावारिस पशुओं की भी समस्या है। खाली प्लॉट में डंपिंग यार्ड बना दिया है। HSVP वाले इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। वार्ड-14: वैश्य बहुल वार्ड, 2 नंबर पर पंजाबी 512 वोट से जीता था BJP ने पिछला चुनाव : पंचकूला शहर के वार्ड-14 में महेशपुर, मद्रासी कालोनी, सोसाइटी नियर फतेहपुर सेक्टर-20, आधार सेक्टर-21 का एरिया है। वार्ड में वैश्य बिरादरी का वर्चस्व है। इसलिए BJP ने यहां से राकेश गोयल को उम्मीदवार बनाया है। वहीं कांग्रेस ने यहां से ब्राह्मण उम्मीदवार पीयूष गौतम को अपना प्रत्याशी बनाया है। पिछली बार वार्ड 14 से JJP के सुशील सिंगला ने 629 वोट से जीत दर्ज की थी। हालांकि वे बाद में BJP में शामिल हो गए, जिन्हें टिकट नहीं दिया गया तो ये अब निर्दलीय चुनाव में उतर गए हैं। वार्ड में 6197 पुरूष तथा 5660 महिला मतदाता हैं। सीवरेज ब्लॉकेज बड़ा मुद्दा : वार्ड निवासी संदीप जैन ने बताया कि सीवरेज ब्लॉकेज की बड़ी समस्या है। कुछ दिन बाद ही ब्लॉक हो जाता है। मार्केट में शौचालय की बड़ी समस्या है। लोग पास की पार्किंग में खुले में बाथरूम करने के लिए जाते हैं। वहीं ध्यान सिंह ने बताया कि सीवरेज ही बड़ी समस्या है। पंजाबी-वैश्य व बाहरी बहुल है वार्ड-15 कांग्रेस कैंडिडट ने जीता था पिछला चुनाव : पंचकूला शहर के वार्ड-15 में कुंडी व आधा सेक्टर-20 आता है। वार्ड 15 में पंजाबी-वैश्य बिरादरी की बहुलता है। आशियाना सोसाइटी व एक मरला कॉलोनी में बाहर से आए लोगों की संख्या काफी है। कांग्रेस ने यहां से पूर्व पार्षद गौतम प्रसाद की पुत्रवधु सरस्वती देवी व BJP ने यहां से प्रियंका को उम्मीदवार बनाए हैं। पिछली बार कांग्रेस के प्रत्याशी गौतम प्रसाद ने 276 वोटों से जीत दर्ज की थी। वार्ड में 4779 पुरूष तथा 4023 महिला मतदाता हैं। पार्किंग की बड़ी समस्या : वार्ड निवासी डॉ. मौदगिल ने बताया कि सोसाइटी में 4 स्कूल हैं, जिनके आगे बड़ी संख्या में कार खड़ी रहती हैं। लोगों को दिक्कत आती है। सबसे ज्यादा सोसाइटी इसी सेक्टर में हैं, इसलिए यहां पर पार्किंग की ज्यादा दिक्कत हैं। सफाई व्यवस्था भी यहां पर सही तरीके से नहीं हो रही है।