पंचकूला में बुलेट से पटाखे फोड़ रहे थे युवक:दो बाइकों का 32 और साढे 24 हजार का चालान, इंपाउंड की 5 बाइक

हरियाणा के पंचकूला में शुक्रवार को सड़कों पर बुलेट से पटाखे फोड़ रहे युवाओं को ट्रैफिक पुलिस ने सबक सिखाया। पुलिस टीम ने मॉडिफाइड साइलेंसर के जरिए पटाखों जैसी तेज आवाज निकालने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने औचक नाकाबंदी कर चैकिंग की। सिटी ट्रैफिक एसएचओ वरिन्द्र कुमार के नेतृत्व में टीम ने बिना वैध दस्तावेजों और नियमों का उल्लंघन करते हुए बुलेट मोटरसाइकिल चला रहे चालकों पर कार्रवाई करते हुए कुल 5 बुलेट मोटरसाइकिलों के चालान काटे, जिनमें से 2 को इंपाउंड भी किया गया। इंपाउंड की गई मोटरसाइकिलों पर 24,500 रुपये और 32,000 रुपये के भारी भरकम चालान किए गए, जबकि अन्य 3 बुलेट चालकों पर 10-10 हजार रुपये के चालान किए गए।

आम लोगों के लिए खतरा ऐसी बाइक : डीसीपी डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क पर हुड़दंगबाजी, तेज रफ्तार, स्टंट करना और मॉडिफाइड साइलेंसर से तेज आवाज निकालना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि आम लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करें और उन्हें खतरनाक तरीके से वाहन चलाने से रोकें। सभी वाहन चालकों से भी आग्रह किया गया कि वे यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क पर उनकी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *