पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की सोशल मीडिया पर बातचीत वायरल हुई कथित ऑडियो क्लिप को लेकर राज्य अनुसूचित जाति आयोग (SC) ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने मामले में स्वत: संज्ञान (सुओ-मोटो) लेते हुए श्री मुक्तसर साहिब के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अभिमन्यु राणा को 29 मई को व्यक्तिगत रूप से पेश होने के निर्देश दिए हैं। आयोग की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर वायरल हुई ऑडियो क्लिप, जिसमें कथित तौर पर एक हजार में ढेड़, 2 हजार में भेड़ जैसी टिप्पणी सुनाई दे रही है, को गंभीरता से लिया गया है। यह कार्रवाई सामाजिक सुरक्षा और सामाजिक न्याय मंत्री बलजीत कौर की ओर से भेजे गए संदेश के आधार पर की गई है। वहीं, अपने ऊपर लगे आरोपों को राजा वड़िंग ने खारिज किया। उन्होंने कहा कि उन्हें टारगेट किया जा रहा। आम आदमी पार्टी निचले स्तर पर गिर चुकी है। वह राजनीतिक बदले के लिए संस्थाओं का गलत इस्तेमाल करने में बिजी है। इसमें शामिल सभी लोगों पर कानूनी कार्रवाई होगी। आयोग ने मांगी फोरेंसिक जांच रिपोर्ट पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग एक्ट-2004 की धारा 10 के तहत मामले की जांच शुरू करने का फैसला लिया है। आयोग ने पुलिस से ऑडियो सैंपल की फोरेंसिक जांच करवाने और पूरी तथ्यात्मक रिपोर्ट पेश करने को कहा है। नोटिस के अनुसार, एसपी (हेडक्वार्टर) को 29 मई सुबह 9 बजे आयोग कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर जांच रिपोर्ट, फोरेंसिक कार्रवाई की स्थिति और मामले से जुड़े सभी तथ्य पेश करने होंगे। सिविल कोर्ट जैसी कार्रवाई की चेतावनी आयोग ने साफ किया है कि यदि निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो आयोग एक्ट-2004 की धारा 10(1) के तहत सिविल अदालत जैसी शक्तियों का इस्तेमाल किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि यह कथित ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थी। इसके बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर विवाद खड़ा हो गया। अनुसूचित जाति समुदाय से जुड़े संगठनों ने भी मामले पर आपत्ति जताई थी। फिलहाल, पुलिस और संबंधित एजेंसियां ऑडियो की सत्यता और आवाज के मिलान की जांच में जुटी हुई हैं। वड़िंग बोले- यह नकली प्रोपेगैंडा अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि AAP निचले स्तर पर गिर गई है। उन्होंने कहा कि लगभग 7 साल पहले भी एक नकली ऑडियो फैलाया गया था, जिसका इस्तेमाल अब SC कमीशन के जरिए मुझे टारगेट करने और बदनाम करने के लिए किया जा रहा है। वड़िंग ने कहा- एक बच्चा भी बता सकता है कि आवाज मेरी नहीं है। नकली प्रोपेगैंडा और झूठ फैलाने वालों के खिलाफ एक्शन लेने के बजाय, AAP पंजाब के राजनीतिक बदले के लिए संस्थाओं का गलत इस्तेमाल करने में बिजी है। यह हताशा की राजनीति के अलावा कुछ नहीं है। इस मनगढ़ंत कंटेंट को फैलाने और इस्तेमाल करने में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पंजाब देख रहा है। ॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰ यह खबर भी पढ़ें… पंजाब कांग्रेस प्रधान राजा वड़िंग पर SC/ST एक्ट की FIR, पूर्व गृहमंत्री को काले रंग वाला कहा था पंजाब कांग्रेस के प्रधान और लुधियाना से कांग्रेस सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पर कपूरथला में FIR दर्ज कर ली गई। यह केस देश के पूर्व गृहमंत्री स्व. बूटा सिंह पर दिए बयान को लेकर हुई। राजा वड़िंग के खिलाफ स्व. बूटा सिंह के बेटे सरबजोत सिंह सिद्धू ने पुलिस को शिकायत दी थी। पढ़ें पूरी खबर…