पंजाब-चंडीगढ़ अपडेट्स:खालिस्तान समर्थक सांसद अमृतपाल 2 दिन के पुलिस रिमांड पर; लुधियाना की होजरी फैक्ट्री में मर्डर

पंजाब के खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अजनाला अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। यह जानकारी अमृतपाल सिंह के केस की कानूनी पैरवी कर रहे एडवोकेट करमवीर सिंह ने दी। बता दें कि पंजाब पुलिस की एक विशेष टीम 21 अप्रैल को असम की डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल पहुंची थी, जहां अमृतपाल सिंह राष्ट्रीय सुरक्षा कानून यानी एनएसए के तहत बंद थे। हालांकि उनकी एनएसए के तहत नजरबंदी कल 22 अप्रैल को समाप्त हो चुकी है, जिसके बाद अब पुलिस इस पुराने मामले में आगे की कार्रवाई तेज कर रही है। अमृतपाल सिंह के वकील एडवोकेट ऋतुराज सिंह ने बताया कि NSA समाप्त हो चुका है, लेकिन FIR नंबर 39 के तहत कानूनी कार्रवाई जारी है। इस मामले में धारा 307 समेत कई गंभीर आरोप दर्ज हैं। उनके अनुसार, इस केस में शामिल अन्य सहयोगियों की पहले ही अदालत में पेशी हो चुकी है। (पढ़ें पूरी खबर) लुधियाना में होजरी फैक्ट्री में वर्कर का मर्डर लुधियाना के जवंद विहार संधू नगर इलाके में होजरी फैक्ट्री में काम करने वाले कारीगर की उसके ही साथी ने स्टूल मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान धर्मेंद्र के रूप में हुई है, जो पिछले 5-6 सालों से यहां काम कर रहा था। फैक्ट्री के मालिक उमी भारद्वाज ने बताया कि उन्हें बुधवार रात करीब ढाई बजे ठेकेदार राहुल का फोन आया। उसने बताया कि फैक्ट्री में रह रहे लड़कों के बीच झगड़ा हो गया है और धर्मेंद्र गंभीर हालत में पड़ा है। इसके बाद तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचित किया गया। धर्मेंद्र को इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक मृतक का रिश्तेदार (भतीजा) था। उसे धर्मेंद्र ही करीब एक महीना पहले काम पर लेकर आया था। (पढ़ें पूरी खबर) मुक्तसर में आंगनबाड़ी केंद्र में गर्लफ्रेंड की गला रेतकर हत्या, CCTV से पकड़ा युवक मुक्तसर में आंगनबाड़ी केंद्र में घुसकर एक युवक ने एक सहायिका का कटर से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से कार में लिफ्ट लेकर भाग गया, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के हाथ लगा है। इसी के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया है कि वह सहायिका से प्यार करता था और शादी करना चाहता था। जबकि, महिला शादीशुदा थी और अपने पति को नहीं छोड़ना चाहती थी। इसलिए, उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया। मृतका की पहचान 30 वर्षीय रमनदीप कौर के रूप में हुई है। वह 2 साल से आंगनबाड़ी में काम कर रही थी। आंगनबाड़ी में अकेली देख वारदात की यह वारदात बुधवार सुबह लंबी के गांव फतेहपुर मनियां में उस समय हुई रमनदीप कौर ड्यूटी पर अकेली थी। मृतका के पति गुरबूटन सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी सुबह आठ बजे ड्यूटी पर गई थी और कुछ देर बाद हत्या की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर वह लहूलुहान हालत में मिली। रमनदीप के दो छोटे बच्चे हैं। सूचना मिलते ही थाना लंबी पुलिस और डीएसपी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने करीब तीन घंटे के भीतर अमृतसर के गांव महिलावाला के रहने वाले आरोपी करनदीप पुत्र को ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रमनदीप पर शादी का दबाव बना रहा था और उसे फोन पर परेशान करता था। महिला के इनकार करने पर आरोपी ने कटर और लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी। गले, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार किए गए। मौके से ब्लेड भी बरामद हुए हैं। DSP बोले- 6 महीने पहले दोनों की दोस्ती हुई थी डीएसपी हरबंस सिंह ने बताया कि आरोपी करनदीप सिंह और रमनदीप कौर की 6 महीने पहले सोशल मीडिया पर दोस्ती हुई थी और दोनों में प्रेम संबंध थे। करनदीप दबाव डाल रहा था कि रमनदीप अपने पति को छोड़ दे और उससे शादी कर ले। इनकार करने पर दोनों में अनबन थी, जिस कारण बात नहीं हो रही थी। गुस्से में आरोपी सुबह आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचा और हत्या कर दी। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *