पंजाब-चंडीगढ़ अपडेट्स:पंजाबी यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में मिला बीटेक छात्र का शव; पठानकोट में जासूसी के शक में एक गिरफ्तार

पठानकोट में सेना की जानकारी पाकिस्तान भेजने के आरोप में एक शख्स को गिरफ्तार किया है। उसने अपने 3 साथियों के साथ मिलकर पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे पर सुजानपुर के पास पुल नंबर 4 और 5 के बीच स्थित कुछ दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगा रखे थे। कैमरे अत्याधुनिक, हाई-डेफिनेशन और घूमने वाले थे, जिन्हें मोबाइल के माध्यम से नियंत्रित किया जा सकता था। कैमरे का लिंक विदेशी एजेंसियों के हाथ में था। पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इन कैमरों का मुख्य मकसद इस मार्ग से गुजरने वाले भारतीय सेना और पैरामिलिट्री फोर्सेज के काफिलों और उनकी गतिविधियों पर पैनी नजर रखना था। (पढ़ें पूरी खबर) अमृतसर एयरपोर्ट पर महिला से 40 हजार डॉलर बरामद अमृतसर एयरपोर्ट पर डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस ने उज्बेकिस्तान की महिला यात्री से अमेरिकी डॉलर बरामद किए हैं। जानकारी के मुताबिक महिला अमृतसर से दुबई जाने वाली फ्लाइट में सफर करने वाली थी। इसी दौरान डीआरआई टीम ने शक के आधार पर उसकी जांच की। तलाशी के दौरान अधिकारियों को बैग से 40 हजार अमेरिकी डॉलर मिले। इनकी कीमत करीब 38 लाख 73 हजार रुपए बताई जा रही है। जांच के दौरान महिला यात्री इस रकम से जुड़े जरूरी दस्तावेज पेश नहीं कर सकी। इसके बाद अधिकारियों ने कस्टम एक्ट 1962 के तहत डॉलर जब्त कर लिए। (पढ़ें पूरी खबर) मोहाली में डेढ़ महीने की गर्भवती विवाहिता ने फंदा लगाया मोहाली में डेराबस्सी के गांव पंडवाला में गर्भवती विवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान गांव भाखरपुरा निवासी काजल देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि काजल करीब डेढ़ महीने की गर्भवती थी। परिजनों ने जानकारी दी कि उसने एक दिन पहले ही गर्भावस्था की जांच करवाई थी, जिसमें उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई थी। परिजनों ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही काजल के वैवाहिक जीवन में तनाव और ससुराल पक्ष के साथ विवाद चल रहा था। (पढ़ें पूरी खबर) लुधियाना में यूथ कांग्रेस नेता की दुकान में घुसे बदमाश, कर्मचारी पीटा लुधियाना के जवाहर कैंप इलाके में शाम करीब 4 बजे कपड़ा व्यापारी एवं यूथ कांग्रेस के नेता अरुण की दुकान में नकाबपोश बदमाश घुस गए। उन्होंने दुकान के शीशे तोड़ दिए और वहां मौजूद एक कर्मचारी को पीट दिया। अरुण ने बताया कि घटना के वक्त वह शोरूम पर मौजूद नहीं थे। उन्हें फोन के जरिए सूचना मिली कि उनकी दुकान द डेनिम क्लब पर हमला हो गया है और बदमाशों ने पूरी दुकान में तोड़फोड़ कर दी है। उनकी दुकान पर लव सोंधी नाम का एक युवक काम करता है, जो पंजाब पुलिस में भर्ती होने की तैयारी भी कर रहा है। (पढ़ें पूरी खबर) पंजाबी यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में मिला बीटेक छात्र का शव पटियाला स्थित पंजाबी यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में बंद कमरे से एक छात्र का शव मिला। छात्र की पहचान वरुण प्रीत सिंह के रूप में हुई है। वरुण बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। वह मूल रूप से तरनतारन के गांव पिंग कंग का रहने वाला था। वरुण का शव यूनिवर्सिटी के बाबा बंदा सिंह बहादुर हॉस्टल के एक कमरे में पड़ा मिला। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना अर्बन एस्टेट की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। (पढ़ें पूरी खबर) चंडीगढ़ में उधार न देने पर दुकानदारों पर चाकू से हमला
चंडीगढ़ के मनीमाजरा स्थित शिव ठाकुरद्वारा मंदिर के पास बनी मार्केट में करियाना दुकान चलाने वाले 2 भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया गया। वारदात उस समय हुई जब दुकानदार भाइयों ने एक युवक को उधार में सामान देने से मना कर दिया। हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान 23 वर्षीय ओसामा और उसके भाई शादाब के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए सेक्टर-32 स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पढ़ें पूरी खबर… PAU लुधियाना में कृषि रिसर्च पर आज होगा मंथन पंजाब में खेती, कृषि अनुसंधान और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर आज हाई-लेवल बैठक आयोजित की जाएगी। प्रशासन द्वारा सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए है। बैठक में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल विशेष तौर पर शामिल होंगे। पढ़ें पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *