मानसा में गर्मी के चलते नहर में नहाने उतरे दो स्कूली छात्र पानी में डूब गए। दोनों बच्चे स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन नहर में नहाने उतर गए। गोताखोरों की मदद से दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों बच्चों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। दोनों बच्चों की उम्र 15 व 16 साल है। दोनों आपस में अच्छे दोस्त थे और अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। मृतकों की पहचान गांव ढैपई के 16 वर्षीय गुरविंदर सिंह और भीखी के 15 वर्षीय सुखप्रीत सिंह नाम से हुई। गुरविंदर के मामा भिंदर सिंह ने बताया कि दोनों बच्चे भीखी के एक निजी स्कूल में दसवीं कक्षा में पढ़ते थे। (पढ़ें पूरी खबर)
लुधियाना की फैक्ट्री में ब्लास्ट, 3 घायल लुधियाना में दोराहा क्षेत्र में शनिवार शाम एक स्क्रैप फैक्ट्री में जोरदार धमाके के बाद भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, धमाका फैक्ट्री के अंदर लगे बॉयलर के फटने से हुआ माना जा रहा है। यह घटना दोराहा-पायल रोड पर गांव बिशनपुरा के पास स्थित एक स्टील फैक्ट्री में हुई, जहां स्क्रैप को प्रोसेस कर उपयोगी सामान तैयार किया जाता है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई और आसमान में काले धुएं का गुबार फैल गया। फैक्ट्री के एक सुरक्षाकर्मी के अनुसार, उन्होंने सिर्फ धमाके की आवाज सुनी, लेकिन आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। मौके पर पायल के तहसीलदार विकास सिंह और दोराहा के एसएचओ आकाश दत्त भी पहुंचे। तीन लाग घायल हुए हैं। (पढ़ें पूरी खबर) बटाला जेल से 2 हवालाती फरार, आधी रात को हवालात का ताला तोड़ा बटाला पुलिस के अधीन आने वाले थाना सेखवां में पुलिस सुरक्षा की बड़ी चूक सामने आई है। बीती रात हवालात का ताला तोड़कर दो आरोपी फरार हो गए। फरार हवालातियों में से एक पर हत्या और दूसरे पर ड्रग्स का मामला दर्ज है। इस मामले में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। सुरक्षा में चूक पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई होना तय है। फिलहाल इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है और सर्च ऑपरेशन जारी है। दोनों आरोपी थाना सेखवां की हवालात में बंद थे। सुबह जब पुलिसकर्मियों को ताला टूटा मिला, तो पूरे महकमे में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी और अन्य उच्चाधिकारियों ने थाने का दौरा किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। (पढ़ें पूरी खबर) पंजाब DGP, राजा वड़िंग को मारने की धमकी लॉरेंस ऑफ पंजाब डॉक्यूमेंट्री पर रोक के बाद अब डीजीपी गौरव यादव, पंजाब के एजी, राजा वडिंग, सांसद सुखजिंदर रंधावा और सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह को जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी विदेशी व्हाट्सऐप नंबर से भेजी गई है। दरअसल, सभी ने केंद्र और राज्य सरकार से इस पर तुरंत प्रतिबंध लगाने की मांग की थी। साथ ही उन्होंने पंजाब पुलिस के महानिदेशक (DGP) से भी इस मामले में हस्तक्षेप करने को कहा था। वहीं, इस मैसेज के सामने आने के बाद पुलिस एक्शन में आ गई है। पढ़ें पूरी खबर… अमृतसर में चलती बस की छत पर लड़ाई, VIDEO अमृतसर में गोल्डन गेट के पास एक चलती बस की छत पर कुछ युवक भिड़ गए। एक युवक दूसरे को गिराकर पेट में मुक्के मारता दिख रहा है। जानकारी के अनुसार, ये युवक प्रवासी थे और गांव-गांव जाकर कपड़े बेचने का काम करते हैं। यात्रा के दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। बस के अंदर बैठे यात्रियों को घटना का पता चला, तो तुरंत कंडक्टर को इसकी सूचना दी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए कंडक्टर ने बिना देर किए बस रुकवाई और खुद छत पर चढ़ गया। उसने युवकों को शांत कराने और नीचे उतारने की कोशिश की। इस दौरान भी उनके बीच धक्का-मुक्की व बहस जारी रही, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। पढ़ें पूरी खबर… पठानकोट में लव मैरिज पर हंगामा, ससुराल में घुसकर सास से मारपीट पठानकोट के गांव सिहोड़ा कलां में लव मैरिज के बाद हंगामा हो गया। शादी के 23 दिन बाद नाराज लड़की के परिजनों पर लड़के के घर में घुसकर मारपीट करने और अपनी बेटी (बहू) को जबरन साथ ले जाने के गंभीर आरोप लगे हैं। आरोप है कि लड़की के परिजनों ने लड़के की मां और बहन के साथ धक्कामुक्की की और उन्हें थप्पड़-मुक्के मारे। मामला पुलिस के पास पहुंच चुका है। पुलिस ने परिवार के बयानों के आधार पर लड़की के माता-पिता और भाई के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पढ़ें पूरी खबर…