पंजाब-चंडीगढ़ अपडेट्स:सिंगर मूसेवाला के पिता की हार्ट आर्टरी में ब्लॉकेज; गुरुग्राम जेल में मंत्री संजीव अरोड़ा से मिले CM मान-केजरीवाल

दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह सिद्धू ने जयपुर में हार्ट संबंधी इलाज करवाया है। बलकौर सिंह को सीने में दर्द और घबराहट हो रही थी। इसके बाद उन्हें जयपुर के राजस्थान हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। शुक्रवार को अस्पताल से छुट्टी मिली। जानकारी के अनुसार, बलकौर सिंह को कुछ दिनों से सीने में दर्द हो रहा था। पहले चंडीगढ़ के पीजीआई अस्पताल में भी दिखाया था, लेकिन आराम नहीं मिलने पर उन्होंने जयपुर में इलाज कराने का फैसला किया। बलकौर सिंह की अब तबीयत ठीक बताई जा रही है। जयपुर में वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. रविंद्र सिंह राव की देखरेख में बलकौर सिंह की विस्तृत जांच की गई। जांच रिपोर्ट में हार्ट की एक आर्टरी में ब्लॉकेज सामने आया, जिसके बाद डॉक्टरों ने तुरंत एंजियोप्लास्टी करने का निर्णय लिया। विशेषज्ञ टीम ने सफलतापूर्वक प्रक्रिया पूरी की, जिसके बाद उनकी स्थिति में लगातार सुधार देखा गया। इलाज के दौरान बलकौर सिंह की पत्नी चरण कौर और उनके बेटे शुभदीप सिंह सिद्धू सहित परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, इलाज के बाद उनकी हालत स्थिर है। डॉक्टरों ने उन्हें कुछ समय आराम करने और नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने की सलाह दी है। गुरुग्राम जेल पहुंचे CM मान और केजरीवाल, मंत्री अरोड़ा से मुलाकात की पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और AAP के संयोजक अरविंद केजरीवाल आज गुरुग्राम जेल में पूर्व मंत्री संजीव अरोड़ा से मुलाकात करने पहुंचे। जहां उनकी 20 मिनट संजीव अरोड़ा से मुलाकात हुई। इसके बाद वह वापस लौट गए। ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) द्वारा गिरफ्तारी के बाद यह पहली बार है, जब आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेता संजीव अरोड़ा से जेल में मिलने पहुंचे। इस मुलाकात को राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है। पूर्व मंत्री संजीव अरोड़ा को प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद एजेंसी ने पहले उन्हें 7 दिन के रिमांड पर लिया। इसके बाद दो दिन का अतिरिक्त रिमांड भी मिला था। पूछताछ पूरी होने के बाद अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पूरी खबर पढ़ें… लुधियाना में ओवरस्पीड ट्राले ने 4 लोगों को कुचला लुधियाना-चंडीगढ़ रोड पर देर रात एक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खराब हुई तूड़ी से भरी ट्रॉली को रिपेयर कर रहे 4 लोगों को तेज रफ्तार ट्रॉले ने कुचल दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सभी घायल सड़क किनारे ट्रॉली ठीक कर रहे थे, तभी पीछे से आए ट्रॉले ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें 2 की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। घायलों की पहचान जसवंत सिंह (37), नाथू (32), सिरा (30) निवासी गंगसर जेतो और सुरजीत सिंह (43) निवासी सरपंच कॉलोनी, मुंडिया कलां के रूप में हुई है। पूरी खबर पढ़ें… ED ने बिल्डर अरेस्ट किया प्रवर्तन निदेशालय (ED) जालंधर ने मनी लॉन्ड्रिंग और फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन का चेंज ऑफ लैंड यूज (CLU) हासिल करने के मामले में इंडियन कोऑपरेटिव हाउस बिल्डिंग सोसायटी के सचिव अजय सहगल को गिरफ्तार किया है। ED की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है कि 15 किसानों की 30.5 एकड़ जमीन से जुड़े फर्जी कंसेंट लेटर तैयार किए गए। इन दस्तावेजों पर जमीन मालिकों के नकली हस्ताक्षर और फर्जी अंगूठे लगाकर CLU हासिल किया गया। इसी आधार पर ‘संटेक सिटी’ नाम का बड़ा रियल एस्टेट प्रोजेक्ट विकसित किया गया। पूरी खबर पढ़ें… चंडीगढ़-शिमला फोरलेन पर प्राइवेट बस बेकाबू होकर पलटी चंडीगढ़-शिमला फोरलेन पर शनिवार सुबह एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें दो लोग घायल हो गए। घायलों का सोलन अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सूचना के अनुसार, प्रा‌इवेट बस सोलन से शिमला की ओर जा रही थी। सोलन से लगभग 10 किलोमीटर दूर सलोगड़ा के पास पहुंचने पर चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया, जिससे बस सड़क पर पलट गई। अनियंत्रित बस पैराफिट तोड़ते हुए एक लेन से दूसरी लेन में जा पहुंची। गनीमत यह रही कि उस दौरान उस लेन से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। इससे बड़ा हादसा टल गया। पूरी खबर पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *