पंजाब के पटियाला में मंगलवार को नीले रंग के ड्रम में एक युवती की लाश मिली। यह ड्रम रेलवे कॉलोनी में पड़ा हुआ था। हत्यारों ने शव को ड्रम के अंदर ठूंसा और ऊपर लाल रंग का ढक्कन लगा दिया, ताकि किसी को शक न हो। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। युवती के एक हाथ पर “नेहा” लिखा हुआ है, जबकि दूसरे हाथ पर दिल का टैटू बना है। इस टैटू के अंदर अंग्रेजी के अक्षर ‘N’ और ‘A’ गुदे हुए हैं। युवती के चेहरे पर हल्की चोट के निशान भी हैं। शव को कब्जे में लेकर राजिंदरा अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस युवती की पहचान कराने की कोशिश कर रही है। कहीं और हत्या किए जाने का शक पुलिस को आशंका है कि युवती की हत्या किसी दूसरी जगह पर की गई और बाद में सबूत मिटाने के इरादे से शव को ठिकाने लगाने की साजिश रची गई। आरोपी ड्रम को रेलवे कॉलोनी के पास सुनसान जगह पर लाकर फेंक गए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शव को वहां तक किस वाहन से लाया गया और इस वारदात में कितने लोग शामिल थे। जांच अधिकारी बोले- मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा जांच अधिकारी ASI गुरबिंदर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस की पहली प्राथमिकता युवती की शिनाख्त करना है। इसके लिए आसपास के थानों में युवती की फोटो सर्कुलेट की गई है। पहचान होने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा, जिससे मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें बनाईं हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने दो टीमों का गठन किया है। घटनास्थल के आसपास लगे दो सीसीटीवी कैमरों की पहचान की गई है। फिलहाल पुलिस इन कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ड्रम वहां कौन, कब और कैसे लेकर आया था।