पंजाब में आज भी आंधी-ओलावृष्टि का अलर्ट:सुबह से चल रही तेज हवाएं, तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री कम; हीटवेव से राहत

पंजाब और चंडीगढ़ में हुई बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली है। तापमान में 3.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है और अब यह सामान्य से 4.7 डिग्री नीचे पहुंच गया है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक आज (4 मई) गरज-चमक के साथ बारिश, 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि की संभावना है। इस संबंध में आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। सबसे अधिक तापमान फरीदकोट में 38.1 डिग्री दर्ज किया गया है। एक सेंटीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई है। 22 जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 13 जिलों में ओलावृष्टि की संभावना है। इन जिलों में पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली शामिल हैं। हवाओं की रफ्तार 50-60 किमी प्रति घंटे रहेगी। अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर और मोगा में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। दो जिलों का तापमान 35 डिग्री से अधिक राज्य में केवल 2 जिले 35 से 40 डिग्री के बीच रहे, जिनमें बठिंडा (37.5 डिग्री) और फाजिल्का (35.4 डिग्री) शामिल हैं, जबकि कोई भी जिला 40 डिग्री से ऊपर नहीं पहुंचा। बाकी जिलों में तापमान 28.5 से 34.6 डिग्री के बीच रहा। चंडीगढ़ में 33.2 डिग्री (3.0 डिग्री कमी), अमृतसर में 32.8 डिग्री (4.3 डिग्री कमी), लुधियाना में 33.4 डिग्री (4.6 डिग्री कमी), पटियाला में 34.6 डिग्री (2.9 डिग्री कमी), फिरोजपुर में 34.6 डिग्री (3.3 डिग्री कमी), होशियारपुर में 31.5 डिग्री (3.8 डिग्री कमी), मोहाली में 32.4 डिग्री (2.9 डिग्री कमी), पठानकोट में 33.8 डिग्री (1.1 डिग्री कमी), रूपनगर (भाखड़ा डैम) में 30.7 डिग्री (5.2 डिग्री कमी) और आनंदपुर साहिब में 32.8 डिग्री (2.8 डिग्री कमी दर्ज हुई। कुल मिलाकर राज्य में तापमान में 1 से 5 डिग्री तक गिरावट देखने को मिली, जिससे गर्मी में हल्की राहत महसूस हुई। इस तरह का मौसम बना हुआ है मौसम विभाग के मुताबिक इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पाकिस्तान की तरफ सक्रिय है, जो हवा में करीब 3 किमी ऊंचाई पर घूम रहा है और ऊपर की तरफ एक लहर (ट्रफ) भी बनी हुई है। इसके साथ ही हरियाणा और आसपास के इलाकों में भी हवा का एक सिस्टम बना हुआ है, जो करीब डेढ़ किमी तक फैला हुआ है। इसी वजह से मौसम बदल रहा है, जिससे बादल, तेज हवा, गरज-चमक और बारिश होने के आसार बढ़ गए हैं। 7 दिन बारिश की संभावना मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक राज्य में मौसम का मिजाज बदलता रहेगा। अगले 7 दिनों के विस्तृत पूर्वानुमान के अनुसार 5 मई को कुछ स्थानों पर और 6 से 8 मई के बीच अलग-अलग जगहों पर बारिश के आसार हैं। तापमान में अगले 24 घंटे ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद 3 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। 6 मई को 40 से 50 किमी प्रति घंटे की हवाएं चल सकती हैं, जबकि 4 और 5 मई को हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इन दो दिनों में कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। अब जानिए 3 दिन कैसा मौसम रहेगा 5 मई – पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा और रूपनगर समेत मोहाली में 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने के आसार हैं। वहीं लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में हालात ज्यादा असरदार रह सकते हैं, जहां 50–60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है। सभी जिलों में बारिश की संभावना है। 6 मई – फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा और संगरूर में 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। बारिश के पूर्वानुमान की बात करें तो फाजिल्का, मुक्तसर और बठिंडा में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, फिरोजपुर, फरीदकोट और मोगा में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। 7 मई – पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर और एसएएस नगर (मोहाली) में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इन इलाकों में मौसम में बदलाव के साथ कहीं-कहीं बादल छाए रह सकते हैं और छिटपुट बारिश से गर्मी से राहत मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *