पंजाब में BJP के प्रचारक की लाश मिली:मोगा में खाली प्लॉट में पड़ी थी डेडबॉडी, प्रचार करने निकला था, फिर घर नहीं लौटा

मोगा में बीजेपी नेता के चुनाव प्रचार से लौट रहे युवक का शव मिला। युवक 21 मई की शाम प्रचार खत्म होने के बाद घर के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं पहुंचा। अब उसका शव कोटकपूरा रेलवे फ्लाईओवर के पास एक खाली प्लॉट से बरामद हुआ है। मृतक की पहचान गांव महिमे आना निवासी अमनदीप सिंह (35) के रूप में हुई है। पंजाब में निकाय चुनाव के लिए 26 मई को वोटिंग होगी। वहीं 29 मई को नतीजे आएंगे। दोस्त लड़ रहा पार्षद का चुनाव
परिवार के मुताबिक अमनदीप सिंह अपने दोस्त कृष्ण सैनी के चुनाव प्रचार में जुटा हुआ था। कृष्ण सैनी बीजेपी समर्थित उम्मीदवार के तौर पर वार्ड नंबर 15 से काउंसलर का चुनाव लड़ रहे हैं। प्रचार खत्म होने के बाद अमनदीप रात करीब 7:30 बजे गांव के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में लापता हो गया। परिवार ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत पुलिस को दी थी 2 बेटियों का पिता था युवक
रविवार को परिवार को सूचना मिली कि फ्लाईओवर के पास एक खाली प्लॉट में युवक का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचकर परिवार ने शव की पहचान अमनदीप सिंह के रूप में की। अमनदीप दो बेटियों का पिता था। घटना के बाद परिवार ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। DSP जतिंदर सिंह ने बताया कि युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले ही दर्ज की जा चुकी थी। शव मिलने के बाद मामले में IPC की धारा 302 (हत्या) जोड़ दी गई है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। निकाय चुनाव: कहां क्या हुआ… जगराओं में कांग्रेस-आप वर्करों में झड़प
जगराओं में नगर कउंसिल के चुनाव प्रचार के अंतिम दिन वार्ड नंबर 13 में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं में हिंसक झड़प हो गई। मोरी गेट के पास रोड शो के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद ईंट-पत्थर चले और कई कार्यकर्ता घायल हो गए। वार्ड नंबर 13 से कांग्रेस उम्मीदवार अनीता रानी और आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार सुनैना मल्होत्रा चुनाव लड़ रही हैं। दोनों उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ रोड शो निकाल रहे थे। मोरी गेट के पास उनका आमना-सामना हुआ। इस बीच अचानक किसी ने ईंट फेंक दी, जिससे स्थिति बिगड़ गई और दोनों तरफ से पत्थरबाजी शुरू हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। मोहाली में पुलिस स्टिकर लगी कार में मिली शराब
मोहाली के वार्ड नंबर-10 से शराब बरामद हुई। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन और पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और धरना देकर जमकर नारेबाजी की। वार्ड नंबर-10 से चुनाव लड़ रहे आजाद उम्मीदवार के घर के बाहर से शराब बरामद होने का दावा किया गया है। आरोप है कि शराब ऐसी कार से मिली, जिस पर पंजाब पुलिस का स्टिकर लगा हुआ था और गाड़ी के अंदर सब इंस्पेक्टर की वर्दी पड़ी हुई थी। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि मतदाताओं को लुभाने के लिए इलाके में घर-घर शराब पहुंचाई जा रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *