पंजाब में पटियाला के राजपुरा में अंबाला-अमृतसर रेल फ्रेट कॉरिडोर में ब्लास्ट के पीछे टेरर एंगल सामने आ रहा है। रेलवे की स्पेशल DGP शशि प्रभा द्विवेदी ने मंगलवार सुबह घटनास्थल पर पहुंचकर कहा कि इसके पीछे पाकिस्तान का हाथ हो सकता है। उन्होंने ये भी खुलासा किया कि जिस वक्त धमाका हुआ, पटरी के ऊपर से मालगाड़ी गुजर रही थी। इससे मालगाड़ी को नुकसान नहीं हुआ लेकिन ड्राइवर को झटका लगा। इसके बाद ड्राइवर ने अफसरों को सूचना दी कि वहां कुछ गड़बड़ है। इसके बाद जांच टीमें वहां पहुंचीं। उन्होंने कहा कि ये भी संभव है कि जिस वक्त ब्लास्ट हुआ, बम फिट करने वाला भी किनारे खड़ा था और धमाके की चपेट में आ गया। जिससे उसके शरीर के भी चिथड़े उड़ गए। वहीं पटियाला के SSP वरूण शर्मा ने कन्फर्म किया कि धमाके में जिसकी मौत हुई, वही बम फिट करने आया था। उसका नाम जगरूप सिंह है और वह तरनतारन के पंजवड़ गांव का रहने वाला है। उसकी बाइक अमृतसर से बरामद हो चुकी है। उसकी जेब से सरहिंद से राजपुरा की टिकट भी मिली है। उससे मोबाइल बरामद हुआ है, जिसकी कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही है। पुलिस के मुताबिक जगरूप सिंह खालिस्तान समर्थक सांसद अमृतपाल का करीबी रहा है। 2024 के इलेक्शन में उसने अमृतपाल का प्रचार किया था। वह पहले दुबई गया था, फिर पंजाब लौटकर निहंग वेश धारण कर लिया। बता दें कि यह धमाका सोमवार रात करीब साढ़े 8 बजे राजपुरा-शंभू रेलवे स्टेशन के नजदीक हुआ। जिससे पटरी टूट गई थी। इसे अब रिपेयर किया जा रहा है। इस मामले में 2 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। जल्द पुलिस पूरे मामले का खुलासा कर सकती है। रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट से जुड़े PHOTOS… स्पेशल DGP ने कहा- यहां कैमरे नहीं, दिल्ली को अलर्ट मिला था
ब्लास्ट के बाद मंगलवार सुबह रेलवे की स्पेशल DGP शशि प्रभा द्विवेदी स्पॉट पर पहुंची। उन्होंने कहा कि शव विस्फोटक लगाने वाले व्यक्ति का ही होने का शक है। उन्होंने कहा कि ब्लास्ट के वक्त यहां से मालगाड़ी गुजरी। शायद उसी वक्त ब्लास्ट हुआ, जिस वजह से ड्राइवर को झटका लगा। ड्राइवर ने ही सूचना दी कि वहां पटरी पर कुछ गड़बड़ है। इसी वजह से ब्लास्ट के बाद हमें सूचना करीब एक घंटे लेट मिली। करीब साढ़े 9 बजे अफसर मौके पर पहुंचे। ऐसा लग रहा है कि जिस वक्त ब्लास्ट हुआ, बम फिट करने वाला वहीं किनारे खड़ा था। वह भी धमाके की चपेट में आ गया और उसकी भी मौत हो गई। उससे मोबाइल मिला है। इसके अलावा तलाशी में एक टिकट मिला है, जिससे पता चला कि वह सरहिंद से यहां आया है। उसका अमृतसर में बाइक पार्क करते हुए वीडियो भी मिला है। जिसके बाद बाइक जब्त कर ली गई है। स्पेशल डीजीपी ने कहा कि कॉरिडोर पर यह दूसरा अटैक है। दिल्ली की तरफ हमले को लेकर कोई अलर्ट आया था। हमें नहीं मिला। उसमें शक था कि पाकिस्तान की तरफ से कुछ हो सकता है। इसमें भी पाकिस्तानी हाथ हो सकता है। मौके से हमें डेटोनेटर और तारें मिली हैं। इनकी जांच की जा रही है। पटियाला SSP ने कहा- धमाके वाला व्यक्ति मारा गया
इस बारे में पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि कल देर रात पटियाला पुलिस को शंभू-हरियाणा बॉर्डर के पास एक रेलवे ट्रैक पर कम तीव्रता वाले विस्फोट (लो इंटेंसिटी एक्सप्लोजन) की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही डीआईजी पटियाला रेंज और अन्य वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए। एसएसपी ने बताया- मौके का मुआयना कर पता चला कि यह केवल एक विस्फोट नहीं था, बल्कि बड़ा बम धमाका करने का एक प्रयास (अटेम्प्टेड डिटोनेशन) था। जो व्यक्ति धमाका करने की कोशिश कर रहा था, उसकी इस प्रयास के दौरान मौत हो गई और उसका शव मौके से बरामद किया गया। अधिकारी ने कहा- इस घटना में किसी अन्य व्यक्ति की जान या संपत्ति का कोई नुकसान नहीं हुआ। पुलिस ने मौके से एक सिम कार्ड सहित अन्य सबूत बरामद किए हैं। इस पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश करने के लिए तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है और इसमें जीआरपी, पीएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को भी शामिल किया गया है। UP-HR नंबर की 2 बाइक मिलीं, ट्रैक उड़ाने की धमकी भी मिली थी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटनास्थल के पास से 2 मोटरसाइकिल बरामद हुई हैं, जो यूपी और हरियाणा नंबर की हैं। पुलिस इनकी पड़ताल करने में जुटी हुई है। जहां घटना हुई है, वह हरियाणा के पास लगता सुनसान इलाका है। एक सप्ताह पहले ही खालिस्तान नेशनल आर्मी की तरफ से ईमेल के जरिए पंजाब व हरियाणा में रेलवे ट्रैक को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। ईमेल में बाकायदा अंबाला से लेकर दिल्ली तक रेलवे ट्रैक पर धमाके करने की धमकी दी गई थी। पंजाब में भी लुधियाना, अमृतसर, बठिंडा, फिरोजपुर में रेलवे ट्रैक उड़ाने की धमकी थी। इस धमकी को रेलवे पुलिस और जांच एजेंसियों ने हल्के में लिया और नतीजन धमकी देने वालों ने वारदात को अंजाम दे दिया। ब्लास्ट करने वाला जगरूप सिंह 2 बेटियों का पिता
पुलिस के मुताबिक इस ब्लास्ट में मारा गया जगरूप सिंह तरनतारन के पंजवड़ गांव का है। पुलिस ने मंगलवार सुबह ही उसके घर की तलाशी ली। उसके भाई को हिरासत में लिया गया है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि वह पहले दुबई गया था। फिर वहां से आकर करीब 5-7 साल पहले निहंग वेश धारण कर लिया। वह खालिस्तान समर्थक सांसद अमृतपाल का भी करीबी रहा है। उसने 2024 के लोकसभा इलेक्शन में अमृतपाल का प्रचार भी किया था। जगरूप शादीशुदा है और उसकी 2 बेटियां हैं। गांव के लोगों का कहना है कि उन्हें नहीं पता कि वह गांव से कब निकला। घर में उसकी बुजुर्ग मां है और छोटा भाई चक्की चलाता है। जगरूप जिस पंजवड़ गांव का है, वह खालिस्तान कमांडो फोर्स (केसीएफ) के चीफ रहे परमजीत सिंह पंजवड़ का भी गांव है। कुछ समय पहले पाकिस्तान में बाइक सवारों ने परमजीत पंजवड़ की गोली मारकर हत्या कर दी थी। डिब्रूगढ़ जेल में बंद अमृतपाल, दुबई से लौटकर निहंग वेश अपनाया था ब्लास्ट में मारे गए जगरूप का जिस अमृतपाल के साथ कनेक्शन जोड़ा जा रहा है, वह इस वक्त डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। अमृतपाल को 23 अप्रैल 2023 को पंजाब के मोगा से गिरफ्तार किया गया था, जिसके तुरंत बाद उन पर NSA (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) लगा दिया गया। इसके बाद असम की डिब्रूगढ़ जेल में भेज दिया गया। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में पंजाब की खडूर साहिब सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा और 1,97,120 वोटों के भारी अंतर से जीत दर्ज की। अमृतपाल पर 22 अप्रैल 2026 को NSA खत्म हो गया। जिसके बाद पंजाब पुलिस ने अजनाला थाने पर हमले के केस में अरेस्ट कर लिया। पूछताछ के बाद फिर असम की डिब्रूगढ़ जेल में छोड़ दिया गया है। चौथे महीने में रेल लाइनों पर दूसरा ब्लास्ट
पंजाब रेल लाइनों पर बम धमाके का यह दूसरा बड़ा मामला सामने आया है। इससे पहले इसी वर्ष 23 जनवरी को सरहिंद के खानपुर में ब्लास्ट हुआ था, जिसमें मालगाड़ी का इंजन पटरी से उतर गया था। इसमें रेल पायलट भी घायल हुआ था। सुखबीर बादल बोले- पंजाब सरकार का लापरवाह रवैया
इस मामले में सुखबीर सिंह बादल ने X पर लिखा- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, जो गृह मंत्री भी हैं, उन्हें अपनी गहरी नींद से बाहर आकर महत्वपूर्ण ढांचे की सुरक्षा के लिए तुरंत कदम उठाने चाहिए। उनका लापरवाह रवैया पंजाब को फिर से पुराने काले दौर की ओर धकेल रहा है, जो बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है। वड़िंग ने कहा- AAP अपने अस्तित्व को बचाने में व्यस्त
पंजाब कांग्रेस के प्रधान व सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा- ये संकेत बेहद गंभीर हैं। पंजाब में बड़ी मुश्किल से कायम हुई शांति अब खतरे में नजर आ रही है। AAP सरकार अपने अस्तित्व को बचाने में व्यस्त है। ऐसे में यह साफ है कि असामाजिक तत्व और अपराधी इस स्थिति का फायदा उठा रहे हैं। ॰॰॰॰॰॰॰॰ यह खबर भी पढ़ें… गुरदासपुर में दुकान के बाहर संदिग्ध वस्तु मिलने से हड़कंप:पुलिस ने इलाका सील किया, दुकानदार बोला- कूड़ा उठाने वाले ने देखी, पिन लगी थी गुरदासपुर के गीता मंदिर रोड स्थित मुख्य बाजार में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक टाइल्स की दुकान के बाहर बम जैसी दिखने वाली संदिग्ध वस्तु बरामद हुई। इस घटना के बाद सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और बाजार को खाली करवा लिया गया है। पढ़ें पूरी खबर…