कुरुक्षेत्र जिले से मुठभेड़ के बाद पकड़े गए भाऊ गैंग के शूटर्स ने रोहतक में किसी व्यापारी की हत्या की प्लानिंग बना रखी थी। उस प्लानिंग को अंजाम देने के लिए ही दोनों शूटर्स रोहतक जा रहे थे। फिलहाल मुठभेड़ में दोनों के पैरों में गोलियां लगने की वजह से LNJP अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गैंग की तरफ से रोहतक के एक व्यापारी से रंगदारी मांगी गई थी। रकम नहीं मिलने पर उसे अंजाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी गई थी। इसी वारदात को अंजाम देने के लिए दोनों शूटर पंजाब से हरियाणा पहुंचे थे। हालांकि उनके फिट होने के बाद उनको गिरफ्तार किया जाएगा। जीटी रोड पर रतनगढ़ गांव के पास हुई मुठभेड़ बता दें कि, मंगलवार रात शूटर्स को शाहाबाद एरिया के रतनगढ़ गांव के पास STF करनाल यूनिट ने घेर लिया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में STF ने भी मोर्चा संभाला। दोनों तरफ से करीब 20 राउंड गोलियां चलीं। आखिरकार STF ने दोनों शूटरों को पैरों में गोली मारकर काबू कर लिया। व्हीकल के इंतजार में थे दोनों घायल बदमाशों की पहचान अमृतसर के खजाना गेट निवासी कशिश (24) और श्रीपुरा निवासी हर्ष (20) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में दोनों का संबंध भाऊ गैंग से सामने आया है। STF अब दोनों के नेटवर्क, हथियार सप्लाई और गैंग के बाकी सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है। रोहतक में हत्या की तैयारी STF करनाल यूनिट के इंचार्ज दीपेंद्र राणा ने बताया कि, कल शाम हर्ष और कशिश मंगलवार को पंजाब से हरियाणा पहुंचे थे। इसी दौरान STF ने उन्हें ट्रेस कर लिया। अगर कार्रवाई में थोड़ी भी देरी होती तो दोनों रोहतक पहुंचकर वारदात को अंजाम दे सकते थे। टीम को पहले से इनपुट मिला हुआ था कि भाऊ गैंग के दो शूटर हथियारों के साथ शाहाबाद एरिया में मौजूद हैं। STF को देखते ही शुरू कर दी फायरिंग STF टीम जैसे ही बदमाशों के करीब पहुंची, दोनों ने बिना समय गंवाए फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। STF ने भी जवाबी कार्रवाई की। फायरिंग के दौरान STF टीम में शामिल SI प्रवीण कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी। जैकेट होने की वजह से बड़ा हादसा टल गया। पैरों में गोली मारकर किया काबू इसके बाद STF ने मोर्चा संभालते हुए दोनों बदमाशों को घेर लिया। करीब 20 राउंड फायरिंग के बाद STF ने दोनों शूटरों को पैरों में गोली मारकर नीचे गिरा दिया। घायल होने के बाद दोनों मौके पर ही गिर पड़े और टीम ने उन्हें दबोच लिया। तलाशी लेने पर दोनों के कब्जे से एक-एक विदेशी पिस्टल बरामद हुई। अस्पताल में भर्ती, नेटवर्क खंगाल रही STF मुठभेड़ में घायल दोनों बदमाशों को पहले शाहाबाद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें कुरुक्षेत्र के LNJP अस्पताल रेफर कर दिया गया। STF अब दोनों के आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है। रोहतक के जिस व्यापारी को निशाना बनाया गया था, उसकी सुरक्षा को लेकर भी पुलिस सतर्क हो गई है।