पंजाब CM पर आत्मघाती कार हमले की धमकी:जालंधर में अचानक BSF स्कूल खाली कराया, 2 दिन पहले इसी के बाहर ब्लास्ट हुआ

जालंधर में गुरूवार को अचानक BSF स्कूल भी खाली करा दिया गया है। यह स्कूल BSF के उसी हेडक्वार्टर में चल रहा है, जिसके बाहर मंगलवार की रात एक्टिवा में ब्लास्ट हुआ था। हालांकि अभी स्कूल खाली कराने की वजह सामने नहीं आई है। धमकी भरी ई-मेल में स्कूल-कॉलेज उड़ाने के साथ CM भगवंत मान पर उनकी शुकराना यात्रा के दौरान आत्मघाती हमला और केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्‌टू को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है। वहीं, BSF स्कूल प्रिंसीपल रंजना डोगरा ने बताया कि उनको मैनेजमेंट की तरफ से फोन आया था कि बच्चों को आज एक घंटा पहले छुट्टी कर दें। हमें किसी तरह की थ्रेट की जानकारी नहीं है। कल के लिए क्या इंस्ट्रक्शन होंगे ये भी पेरेंट्स के स्कूल ग्रुपों में सूचित कर दिया जाएगा। इसके अलावा APJ स्कूल को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। जिसके बाद पुलिस तुरंत स्कूल में पहुंची और बच्चों की छुट्टी कर दी गई है। जालंधर पुलिस ने बताया कि एहतियातन तौर पर स्कूल को खाली करवा दिया गया है। इस मौके स्कूल पहुंचे पेरेंट्स ने कहा कि उन्हें सिर्फ इतना मैसेज आया कि सिक्योरिटी रीजन है, इसलिए वह तुरंत अपने बच्चों को घर ले जाएं। कोई ड्यूटी पर था तो कोई अपने किसी पर्सनल काम पर, सब छोड़कर वह तुरंत बच्चों को लेने के लिए पहुंचे हैं। BSF हेडक्वार्टर और आर्मी कैंप में ब्लास्ट के बाद लोगों में ज्यादा डर है। इसी बीच जालंधर की ADCP आकर्षि जैन ने कहा कि जालंधर के 5 से 6 स्कूलों को धमकी भरी मेल मिली है, पुलिस सभी स्कूलों में जांच कर रही है। अभी तक कहीं से कुछ संदिग्ध नहीं मिला। इस धमकी की टाइमिंग भी सीएम भगवंत मान से जोड़कर देखी जा रही है। CM आज अपनी शुक्राना यात्रा के चलते जालंधर में हैं, जिसको लेकर पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। इसके बीच धमकी आने से पुलिस हाईअलर्ट पर है। धमकी भरी ई-मेल की कॉपी सामने आई
इस मामले में अब धमकी भरी ई-मेल की कॉपी सामने आई है। APJ स्कूल की तरफ से जालंधर पुलिस को सौंपी ई-मेल में लिखा है कि जालंधर के स्कूलों और कॉलेजों में बम धमाके करेंगे। स्कूलों में दोपहर 1 बजकर 11 मिनट और कॉलेजों के लिए 2 बजकर 11 मिनट पर धमाके होंगे। माता-पिता अपने बच्चों को स्कूल-कालेज न भेजें। इसके साथ ही सीएम भगवंत मान की यात्रा की शुकराना यात्रा अंतिम यात्रा होगी। उन पर आत्मघाती कार (IED) हमला करेंगे। रवनीत बिट्टू जैसे नेताओं को भी निशाना बनाएंगे। ईमेल में दावा किया गया है कि ये हमले खालिस्तान के दुश्मनों और हरदीप सिंह निज्जर की मौत का बदला लेने के लिए किए जाएंगे। इसमें जालंधर, अमृतसर, आदमपुर और फतेहगढ़ साहिब सहित पंजाब के कई शहरों का जिक्र है। वहीं, जालंधर और अमृतसर में हुए ब्लास्टों में नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने जांच शुरू कर दी है। बुधवार को टीमें दोनों जगह पहुंचीं और जांच की। इसी बीच पंजाब पुलिस ने दावा किया है कि उन्होंने विस्फोटक सप्लायर को पकड़ लिया है। पुलिस का दावा है कि इसे जमशेर इलाके से गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान नवांशहर में बंगा के रहने वाले दविंदर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया है कि हाल ही में चंडीगढ़ में भाजपा हेडक्वार्टर के बाहर हुए ग्रेनेड अटैक में भी इसी ने ग्रेनेड सप्लाई किया था। उसे पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए विस्फोटकों की सप्लाई मिलती है, जिसे वह आगे सप्लाई करता था। पुलिस ने CM भगवंत मान के गुरुवार के जालंधर दौरे से ठीक पहले यह दावा किया है। जालंधर में हुए धमाके का एक और वीडियो सामने आया है। इसमें बाइक पर एक पगड़ीधारी व्यक्ति आता है और धमाके वाली जगह रुकता है। कुछ ही देर में वह निकल जाता है, उसके जाने के 15 सेकेंड के बाद ब्लास्ट हो जाता है। इस ब्लास्ट के मामले में पुलिस ने रिटायर्ड BSF जवान के बेटे को हिरासत में लिया है। दूसरा ब्लास्ट अमृतसर में आर्मी कैंप के बाहर हुआ। यहां कैंप के भीतर ग्रेनेड फेंकने की कोशिश थी, लेकिन वह दीवार से टकराकर फट गया। बुधवार सुबह खालिस्तान लिबरेशन आर्मी (KLA) के नाम से एक पोस्टर शेयर कर ब्लास्ट की जिम्मेदारी ली। इसमें कहा गया कि उनके टारगेट पर अमृतसर रेंज के DIG संदीप गोयल व उनका पूरा परिवार है। हम इतना खून बहाएंगे कि सब कुछ लाल दिखाई देगा। हालांकि, DGP गौरव यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ किया कि इस नाम का कोई संगठन नहीं है। ब्लास्ट-बम धमकी से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए….

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *