पठानकोट-गुरदासपुर हाईवे पर बस पलटी, 2 स्टूडेंट्स की मौत:पेपर देकर जम्मू लौट रहे थे, पीछे आ रही गाड़ियां भी टकराईं; 5 घायल

गुरदासपुर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह धारीवाल के पास तेज रफ्तार टूरिस्ट बस बेकाबू होकर पलट गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। बस अमृतसर से जम्मू जा रही थी और इसमें ज्यादातर कॉलेज स्टूडेंट सवार थे। बस पलटते ही पीछे चल रही 3 से 4 गाड़ियां भी एक-दूसरे से टकरा गईं। हादसे में 2 कॉलेज छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, सभी कॉलेज स्टूडेंट अमृतसर के ग्लोबल कॉलेज में पढ़ते हैं। पेपर खत्म होने और छुट्टियां शुरू होने के बाद सभी छात्र बेहद खुश थे और बस में सवार होकर अपने घर जम्मू लौट रहे थे। हादसे के बाद पंजाब सीएम भगवंत मान ने भी दुख जताया। सीएम ने कहा- सेखवां पुलिस स्टेशन के पास बस पलटने की खबर बहुत दिल दहला देने वाली है। वाहेगुरु जी दिवंगत आत्माओं को अपने चरणों में शांति दें। आपकी सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है, और मृतकों के परिवारों को दो-दो लाख रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी। इसके अलावा, घायलों का मुफ्त मेडिकल इलाज किया जाएगा। हादसे के PHOTOS… छात्र रोते हुए बोले- अभी पेपर खत्म हुए, छुट्टियां मनाने जा रहे थे हादसे में बाल-बाल बचे ग्लोबल कॉलेज के छात्र नितिश, हरीश और विश्व अरोड़ा ने रोते हुए बताया कि हमारे पेपर खत्म हुए थे, इसलिए हम सब छुट्टियां बिताने अपने घर जम्मू जा रहे थे। अचानक बस का संतुलन बिगड़ा और बस पलट गई। हादसे में दो दोस्तों की जान चली गई। एक मृतक नितिन (22) जम्मू का रहने वाला था। जबकि दूसरे का नाम सामने नहीं आया। हाईवे पर लगा लंबा जाम हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचे। घायलों को आनन-फानन में एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है। दुर्घटना के कारण नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। क्रेन से गाड़ियां हटवाकर जाम खुलवाया पुलिस अधिकारी एएसआई बलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने तुरंत क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस और आपस में टकराए अन्य वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सुचारू रूप से बहाल करवा दिया है। मृतक युवकों के परिवारों को सूचित कर दिया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस बोली- तेज रफ्तार हो सकता हादसे का कारण पुलिस अधिकारी एएसआई बलजीत सिंह ने का कहना है कि हाईवे पर वाहनों की गति सीमा पर नियंत्रण न होना और अचानक बस का संतुलन बिगड़ना इस बड़े हादसे का मुख्य कारण हो सकता है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं बस की रफ्तार तय सीमा से अधिक तो नहीं थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *