पठानकोट के सिविल अस्पताल के पास स्थित मुख्य बाजार के दुकानदार इन दिनों बेहद परेशान और खौफजदा हैं। स्थानीय दुकानदारों का आरोप है कि यहां रोजाना सुबह से ही युवकों के झुंड इकट्ठा होने शुरू हो जाते हैं, जो न केवल आपस में लड़ते हैं बल्कि सरेआम गाली-गलौज भी करते हैं। आज सुबह इस गुंडागर्दी ने उस समय हिंसक रूप ले लिया जब नशेड़ियों ने आपस में लड़ते हुए एक-दूसरे पर पत्थरों और ईंटों से हमला कर दिया। जिसमें कुछ युवक लहूलुहान हो गए। लहंगा स्टोर के बाहर हंगामा, 10 हजार का नुकसान
दुकानदारों ने बताया कि आज भी दो गुटों में किसी लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक नशेड़ी ने दूसरे के सिर पर ईंट मार दी, जिससे वह लहूलुहान हो गया। घायल युवक ने पास ही स्थित एक लहंगा स्टोर के अंदर घुसने की कोशिश की, लेकिन दुकानदारों ने मुस्तैदी दिखाते हुए अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
इसके बाद, घायल युवक ने दुकान के बाहर डिस्प्ले पर लगी डमी (पुतलों) और उन पर टंगे कीमती लहंगों व गाउन से अपने खून से सने सिर और हाथ पोंछे, जिससे कपड़े पूरी तरह खराब हो गए। दुकानदारों के मुताबिक, इस हुड़दंग में उनकी डमी भी टूट गई, जिससे उनका करीब 10 हजार का नुकसान हुआ है। महिला स्टाफ और ग्राहकों में डर का माहौल
पीड़ित दुकानदार बिशन दास ने कहा कि पिछले कई दिनों से इस समस्या से दुकानदार जूझ रहे हैं। सुबह 8 बजे से ही ये लोग यहां जमा हो जाते हैं, जिससे हमें दुकानें खोलने में भी डर लगता है। हमारी दुकानों पर काम करने वाला ज्यादातर स्टाफ लड़कियां हैं और हमारे ग्राहक भी महिलाएं ही हैं। सरेआम गंदी गालियां और ईंट-पत्थर चलने के कारण महिलाएं बाजार आने से कतरा रही हैं, जिससे हमारा कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है।
दुकानदारों ने यह भी अंदेशा जताया कि जिस तरह बड़े-बड़े पत्थर और ईंटें चलती हैं, उससे दुकानों के बड़े शीशे टूटने और किसी निर्दोष ग्राहक को चोट लगने का हर समय खतरा बना रहता है।
पुलिस को दी शिकायत, स्थायी समाधान की अपील
घटना के तुरंत बाद दुकानदारों द्वारा 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, बाजार वासियों का कहना है कि पुलिस की अस्थाई कार्रवाई से काम नहीं चलेगा। उन्होंने प्रशासन और पुलिस विभाग से पुरजोर मांग की है कि इस जगह से नशा छुड़ाओ केंद्र में आने वाले युवकों के जमावड़े को स्थायी रूप से हटाया जाए।
बाजार में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। दुकानदारों ने चेतावनी भरे लहजे में कहा है कि यदि इस समस्या का जल्द ही कोई पक्का समाधान नहीं निकाला गया, तो पूरी मार्केट को बंद रख कर विरोध प्रदर्शन करने पर मजबूर होना पड़ेगा।