पलवल में सड़क हादसों में 6 की मौत:मामा-भांजा शामिल, चलती बाइक से गिरी महिला; तरबूज खरीदते वक्त पिकअप ने उड़ाया

पलवल जिले में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में 6 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में मामा-भांजे और ब्रज 84 कोस की परिक्रमा कर रही एक बुजुर्ग महिला भी शामिल हैं। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहली घटना केजीपी एक्सप्रेस-वे पर हुई। बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) के दरावड़ दरवेर गांव निवासी कलुआ ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका बेटा पंकज और साला सोनू (जहांगीराबाद निवासी) मजदूरी के पैसे लेने पलवल आए थे। 21 मई की रात को परिवार को सूचना मिली कि सुजवाड़ी गांव के पास केजीपी एक्सप्रेस-वे पर उनकी बाइक को एक अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। चलती बाइक से गिरी महिला वहीं दूसरी दुर्घटना में ब्रज 84 कोस की परिक्रमा कर रही एक बुजुर्ग महिला की बाइक से गिरकर मौत हो गई। मथुरा (उत्तर प्रदेश) निवासी ओमकार सिंह ने बताया कि उनके माता-पिता, होराम सिंह और सुमित्रा, परिक्रमा पर गए थे। 21 मई की शाम को खांबी गांव के पास बाइक पर परिक्रमा करते समय एक ब्रेकर से बाइक अनियंत्रित हो गई और सुमित्रा नीचे गिर गईं। उन्हें गंभीर चोटें आईं और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तरबूज खरीदते वक्त पिकअप ने मारी टक्कर तीसरी घटना यमुना पुल के पास हुई। चांदहट गांव निवासी टीके नामक बुजुर्ग तरबूज खरीदने गए थे, तभी पलवल की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार टाटा पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर चौथे हादसे में न्यू कालोनी निवासी मनिंद्र सिंह ने बताया कि उनका भाई संदीप पुष्पा काम्प्लेक्स में कोरियर के दफ्तर में काम करता था। रात को वह दफ्तर बंद कर अपनी बाइक से कुसलीपुर जा रहा था। जैसे ही वह कुसलीपुर फ्लाईओवर पार कर रहा था, तभी एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। दीपक को गंभीर हालत में फरीदाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बाइक को कार ने मारी टक्कर 5वें हादसे में जिला मथुरा (यूपी) के सिरथला गांव निवासी डिगम्बर ने बताया कि उसका भाई अशोक सिकंदरपुर बाक्सन स्थित एक प्राइवेट कार्टून लिमिटेड कंपनी में काम करता था। रात के सयम वह अपनी बाइक से ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था। इसी दौरान नेशनल हाईवे-19 पर तुमसरा टोल टैक्स के निकट एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में घायल अशोक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। 6वें हादसे में महेशपुर गांव के निकट बाइक सवार की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। महेशपुर गांव निवासी लखन किसी काम से घर से निकला था। उसी दौरान उसकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *