पानीपत में एक्स बॉयफ्रेंड की ब्लैकमेलिंग:अश्लील वीडियो बनाकर सालों से कर रहा था रेप, भनक लगने पर पति ने दी तलाक की धमकी

पानीपत में रिश्तों के विश्वास और सोशल मीडिया के दौर में ब्लैकमेलिंग का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने एक महिला के बसे-बसाए घर को बर्बादी की कगार पर लाकर खड़ा किया है। शहर की एक कॉलोनी की रहने वाली एक महिला ने अपने पूर्व प्रेमी (एक्स बॉयफ्रेंड) और उसके साथियों के खिलाफ गंभीर आरोपों के तहत शिकायत दी है। महिला का आरोप है कि आरोपी उसे अश्लील वीडियो के दम पर सालों से ब्लैकमेल कर रहा था। जिसके कारण अब उसका पति भी उससे रिश्ता तोड़ने की बात कह रहा है। पुरानी यादें बनी जी का जंजाल शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वह किला थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी की रहने वाली है। शादी से पहले उसका परिचय जुलाना के आशीष के साथ था, लेकिन शादी के बाद जब उसने अपनी नई जिंदगी शुरू की, तो आशीष उसके लिए काल बन गया। आरोप है कि आशीष के पास महिला की कुछ पुरानी अश्लील तस्वीरें और वीडियो थे, जिन्हें वायरल करने की धमकी देकर वह पिछले कई सालों से उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बना रहा था। सोशल मीडिया रील और शादी का दबाव पीड़िता ने खुलासा किया कि शादी के बाद भी आरोपी उसका पीछा नहीं छोड़ रहा था। आशीष लगातार उस पर दबाव बनाता था कि वह उसके साथ सोशल मीडिया के लिए रील बनाए और अपने पति को छोड़कर उससे शादी कर ले। महिला अपना घर बचाने के लिए काफी समय तक यह सब चुपचाप सहती रही, लेकिन आरोपी की हिमाकत इतनी बढ़ गई कि उसने पति की मौजूदगी में भी कई बार महिला के साथ बदतमीजी की। पति को लगी भनक, टूटने की कगार पर घर महिला की खामोशी और आरोपी की लगातार दखलअंदाजी के कारण अंततः उसके पति को पूरी स्थिति की भनक लग गई। महिला का पति पेशे से ट्रक ड्राइवर है और अक्सर घर से बाहर रहता है। जब उसे पत्नी और आरोपी के बीच चल रहे इस घटनाक्रम का पता चला, तो घर में भारी मनमुटाव शुरू हो गया। पीड़िता का कहना है कि अब उसका पति उस पर भरोसा करने को तैयार नहीं है और शादी तोड़ने (तलाक) की बात कह रहा है। रात के अंधेरे में घर पर हमला और लूट शिकायत के अनुसार, घटना ने तब उग्र रूप ले लिया, जब 18 अप्रैल की रात को पीड़िता घर पर अपने दो बच्चों के साथ अकेली थी। करीब रात 12:30 बजे आरोपी आशीष अपने भाई अच्छू और तीन अन्य बदमाशों के साथ घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गया। उन्होंने महिला के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोपियों ने महिला से करीब 3 हजार रुपए छीन लिए और धमकी दी कि अपने पति को तलाक दे और मेरे साथ मेरी पत्नी बनकर रह, वरना तुझे और तेरे बच्चों को जान से खत्म कर दूंगा। शोर सुनकर भागे आरोपी महिला के चिल्लाने और शोर-शराबा सुनकर जब आसपास के लोग इकट्ठा हुए, तो आरोपी मौका पाकर भाग निकले। जाते-जाते उन्होंने पीड़िता के पति को भी जान से मारने की धमकी दी। डरी-सहमी महिला ने अब थाना किला पुलिस की शरण ली है। सभी आरोपों की जांच चल रही- SHO इस बारे में किला थाना प्रभारी SI सुरेश ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। महिला ने शिकायत में जो भी आरोप लगाए हैं, उन सभी पर बारीकी से जांच-पड़ताल की जा रही है। सभी आरोपों से संबंधित तथ्य एवं सबूत जुटाए जा रहे हैं। अभी इसमें FIR नहीं दर्ज की गई है। जल्द अगला एक्शन लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *