पानीपत में कांग्रेसी नेता सचिन कुंडू को मिली धमकी:रोहित गोदारा गैंग ने मांगी ₹5 करोड़ की रंगदारी, वॉट्सएप पर वॉयस मैसेज भेजे

पानीपत ग्रामीण विधानसभा सीट से मौजूदा शिक्षामंत्री महिपाल ढांडा के सामने विस 2024 चुनाव लड़ने वाले कांग्रेस नेता सचिन कुंडू से रंगदारी मांगी गई है। सचिन से न केवल ₹5 करोड़ की रंगदारी मांगी गई। बल्कि, रंगदारी न देने पर परिवार सहित जान से मारने की धमकी भी दी गई है। बदमाशों ने सचिन को कॉल उस वक्त की, जब वे एक कार्यक्रम में शामिल होने गए हुए थे। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। साथ ही मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। गढ़ सरनाई में कार्यक्रम के दौरान मिली धमकी सेक्टर-18 के रहने वाले सचिन कुंडू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पिछले विधानसभा चुनाव में पानीपत ग्रामीण सीट से कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी रहे हैं। 3 मई को वह किसी निजी कार्यक्रम के सिलसिले में गांव गढ़ सरनाई में मौजूद थे। इसी दौरान शाम करीब 4:09 और 4:10 बजे उनके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से वॉट्सएप कॉल आई। सचिन कुंडू ने उस समय कॉल रिसीव नहीं की। वॉइस मैसेज सुन उड़े होश- 5 करोड़ दो वरना परिवार खत्म कॉल न उठाने के कुछ ही मिनटों बाद, उसी विदेशी नंबर से शाम 4:12 और 4:13 पर दो वॉइस मैसेज आए। पहला मैसेज 59 सेकंड का और दूसरा 34 सेकंड का था। जब सचिन ने इन रिकॉर्डिंग्स को सुना तो उनके होश उड़ गए। वॉइस मैसेज भेजने वाले ने अपना नाम महेन्द्र डलाना बताया और खुद को रोहित गोदारा गैंग का सदस्य होने के बारे में बताया। आरोपी ने सीधे तौर पर 5 करोड़ रुपए की मांग की और धमकी दी कि यदि रकम नहीं मिली, तो सचिन कुंडू और उनके पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस थाना सेक्टर 13-17 पुलिस ने सचिन कुंडू की शिकायत पर आरोपी महेन्द्र डलाना के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 308(4) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की आगामी जांच और कार्रवाई ASI सोनू को सौंपी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *