पानीपत में विवाहिता का ससुराल पक्ष पर आरोप:हनीमून पर पति ने बनाई प्राइवेट वीडियो, ससुरालियों ने विदेश में बेची; रिश्तेदार ने की छेड़छाड़

पानीपत शहर की एक पॉश कॉलोनी की विवाहिता ने अपने पति, सास, ननद और मामा ससुर के खिलाफ प्रताड़ना की सारी हदें पार करने का आरोप लगाया है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि किस तरह शादी के कुछ ही दिनों बाद उसका जीवन नर्क बना दिया गया। पीड़िता का दावा है कि उसके साथ जो कुछ हुआ, वह महज दहेज का मामला नहीं, बल्कि एक संगठित अपराध की तरह है। पुलिस ने शिकायत मिलने पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। ₹23 लाख के दहेज से असंतुष्ट पीड़िता के अनुसार, उसकी शादी मई 2025 में बड़े धूमधाम से हुई थी। पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार करीब 23 लाख रुपए खर्च किए और भरपूर जेवरात व कीमती सामान दिया, लेकिन ससुराल पहुंचते ही सास ने उसका सारा धन अपने कब्जे में ले लिया। आरोप है कि शादी के दूसरे ही दिन से उसे ताने मिलने लगे कि तुम्हारे परिवार ने हमारी शान के मुताबिक शगुन और दान-दहेज नहीं दिया है। पति और ननद ने भी अपने लिए सोने की महंगी चेन और अंगूठियों की मांग शुरू कर दी। हनीमून पर दरिंदगी, चूड़ियां तोड़ी और भूखा रखा पीड़िता ने बताया कि शादी के एक हफ्ते बाद जब वह पति के साथ हनीमून पर गई, तो वहां भी पति अपनी मां और बहन के भड़काने पर झगड़ा करता रहा। घर लौटते ही पति ने यह कहकर पीड़िता के हाथों की चूड़ियां तोड़ दी कि वह उसका सारा सामान उजाड़ देगा। प्रताड़ना यहीं नहीं रुकी, ससुराल में उसे खाना तक नसीब नहीं होता था। सास ने दो-टूक कह दिया था कि कुछ खाना है, तो अपने पैसे से खरीदकर लाओ, हमें मत कहना। कई बार पंचायतें हुई, लेकिन ससुरालियों का लालच बढ़ता ही गया। रिश्तेदार की बुरी नजर और छेड़छाड़ पीड़िता ने अपने मामा ससुर पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि वह अक्सर घर आता और उस पर बुरी नजर रखता था। एक दिन जब वह अकेली थी, तो आरोपी उसके कमरे में घुस आया और उसके साथ शारीरिक छेड़छाड़ की। आरोपी ने धमकी दी कि अगर मुझे खुश रखोगी, तो इस घर में कोई तुम्हें तंग नहीं करेगा। जब पीड़िता ने यह बात अपने पति और सास को बताई, तो उन्होंने सहारा देने के बजाय आरोपी का ही साथ दिया और कहा कि यहां रहना है, तो यह सब सहना ही होगा। अश्लील वीडियो, अंतरराष्ट्रीय रैकेट का शक शिकायत का सबसे चौंकाने वाला पहलू साइबर क्राइम और अनैतिक व्यापार से जुड़ा है। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति ने उसकी जानकारी के बिना उनके निजी संबंधों की आपत्तिजनक वीडियो बनाई। बाद में सास ने उसे वह वीडियो दिखाई और धमकी दी कि उन्हें ऐसे कामों में साथ देना होगा। पीड़िता को शक है कि उसके ससुराल वाले एक-दूसरे की मिलीभगत से इन वीडियो को विदेशों में बेचते हैं और इसी के जरिए उनके खातों में मोटी रकम आती है। राजनीतिक रसूख की धमकी पीड़िता ने बताया कि जब उसने पुलिस में जाने की बात कही, तो उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपियों ने कहा, प्रशासन और राजनीति में हमारी अच्छी पैठ है, तुम हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकते। पीड़िता का कहना है कि उसे घर वापस आने पर जिंदा न छोड़ने की धमकी दी गई है। जिससे वह और उसका परिवार गहरे खौफ में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *