पूर्व डिप्टी CM का काफिला रोकने पर बढ़ी कंट्रोवर्सी:दुष्यंत चौटाला बोले- वैपन दिखाकर धमकाया, CIA इंचार्ज ने कहा-धक्का दिया; BJP की पोस्ट-शर्म आनी चाहिए

हरियाणा के हिसार में शुक्रवार को पूर्व डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला का काफिला रोकने के मामले में कंट्रोवर्सी बढ़ गई है। मामले में दुष्यंत चौटाला ने हिसार के अर्बन एस्टेट थाने में शिकायत दी है। इसमें दुष्यंत चौटाला ने आरोप लगाया कि SP ऑफिस जाते समय सब्जी मंडी पुल पर सीआईए इंचार्ज पवन कुमार ने गाड़ी आगे अड़ाई और वैपन दिखाकर धमकाया। इतना ही नहीं गाड़ी से कुचलने का प्रयास भी किया। दुष्यंत का कहना है कि इसमें एसपी के सिक्योरिटी इंचार्ज अमरजीत की भी मिलीभगत है। उन्होंने दोनों पर कार्रवाई की मांग की। इसे लेकर आज चंडीगढ़ में प्रेस कान्फ्रेंस भी बुलाई है। वहीं, सीआईए इंचार्ज पवन कुमार ने भी अर्बन एस्टेट थाने में पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला और उनके छोटे भाई दिग्विजय चौटाला के खिलाफ शिकायत दी है। उन्होंने इसमें गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल, विवाद बढ़ता देख एसपी ने इस मामले की जांच डीएसपी कवलजीत को सौंपी है। उधर, सोशल मीडिया पर भी यह मामला गरमा गया है। बीजेपी हरियाणा ने पोस्ट डाल कर दिग्विजय के लिए लिखा- पहले यूनिवर्सिटी में दंगे कराते है और फिर सस्ती टीआरपी के लिए अपने भाई से भी आगे निकल नेता बनना चाहते है, शर्म आनी चाहिए। उधर, पलटवार में दिग्विजय ने लिखा-तुम असली गुंडे हो। सोशल मीडिया पर बीजेपी-जजपा में सियासी वार, कांग्रेस भी कूदी … CIA इंचार्ज पवन कुमार की शिकायत की मुख्य बातें… दुष्यंत के ड्राइवर ने गाड़ी भिड़ाने की कोशिश की : CIA इंचार्ज पवन कुमार ने कहा- “दुष्यंत चौटाला जिस गाड़ी में बैठे थे, उसका ड्राइवर गलत तरीके से गाड़ी चला रहा था। उनकी गाड़ी कई बार उनसे टकराने से बची। वह बार-बार ओवरटेक कर रहे थे, जिससे जनता को भी नुकसान पहुंच सकता था। उन्होंने सिर्फ गाड़ी से उतरकर ड्राइवर को सही तरीके से गाड़ी चलाने के लिए कहा था। दिग्विजय चौटाला ने पुलिसकर्मी को धक्का दिया: पवन ने शिकायत में आगे लिखा- इतने में दुष्यंत चौटाला गाड़ी से उतर आए और उनकी गाड़ी को पकड़ने का प्रयास किया। पुल पर जाम न लगे या विवाद न हो, इसलिए वे वहां से निकल गए। पवन कुमार ने यह भी बताया कि दिग्विजय चौटाला ने पुलिसकर्मी राजकुमार को धक्का दिया, जो वीडियो में दिख भी रहा है। उन्होंने कहा कि इस बारे में वे अपने उच्च अधिकारियों से बात करके आगे की कार्रवाई करेंगे। हिसार पुलिस ने जारी किया था प्रेस नोट: उधर, हिसार पुलिस ने शुक्रवार शाम को एक प्रेस रिलीज जारी करते हुए कहा था कि सोशल मीडिया पर चल रहा वीडियो अधूरा है। DSP रैंक के अधिकारी से इसकी जांच कराई जा रही है। जांच के बाद पुलिस तथ्यात्मक वीडियो जारी करेगी, ताकि पूरा मामला समझ में आए कि क्या हुआ था। यहां सिलसिलेवार ढंग से जानिए क्या है पूरा मामला… छात्र संवाद कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिलने पर शुरू हुआ विवाद बता दें कि गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी (GJU) के प्रशासन द्वारा सुरक्षा कारणों और पुराने अनुभवों के मद्देनजर इनसो को ‘छात्र संवाद’ कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी थी। पुलिस के अनुसार, 16 अप्रैल को लगभग 250-260 लोगों की भीड़ यादव धर्मशाला में एकत्रित हुई। भीड़ ने विश्वविद्यालय की ओर कूच किया और गेट नंबर 3 पर तैनात पुलिस बल के साथ धक्का-मुक्की की। उपद्रवियों ने न केवल सरकारी ड्यूटी में बाधा डाली, बल्कि जबरन कैंपस में घुसकर कुलपति (VC) कार्यालय के गेट को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे परिसर में दहशत का माहौल पैदा हो गया। हिसार पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई धाराओं में केस दर्ज किया था। साथ ही छह लोगों को हिरासत में लिया था। दुष्यंत और दिग्विजय चौटाला गिरफ्तारी देने एसपी ऑफिस पहुंचे थे इसके दुष्यंत चौटाला और उनके भाई दिग्विजय चौटाला मामले के विरोध में गिरफ्तारी देने एसपी ऑफिस पहुंचे थे, जहां उनकी पुलिस कर्मियों से काफी बहस भी हुई थी। इसके बाद पूर्व डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला ने आरोप लगाया था कि पुलिस की एक गाड़ी से उन्हें सब्जी मंडी पुल पर कुचलने का प्रयास किया। सादी वर्दी में एक पुलिसकर्मी ने उन पर वैपन तान दिया। इसका एक वीडियो भी दिखाया था, जिसमें एक पुलिस की गाड़ी दुष्यंत चौटाला की एस्कॉर्ट गाड़ी के सामने खड़ी है। वीडियो में एक पुलिसकर्मी हाथ में पिस्टल लेकर धमकाता हुआ दिख रहा है। जैसे ही दुष्यंत और दिग्विजय चौटाला वहां पहुंचे, वह पुलिसकर्मी गाड़ी में बैठ कर चला गया था। जजपा नेताओं की जमानत पर फैसला आज उधर, गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (GJUST) में हुई हिंसक घटना के आरोपियों की जमानत पर आज फैसला होगा। हिसार की सुमित कुमार की कोर्ट में जमानत याचिका पर सुनवाई होगी। पुलिस ने इस मामले में जजपा पूर्व प्रत्याशी सहित 6 नेताओं को गिरफ्तार किया है। इसमें सेक्टर 9-11 निवासी जितेन्द्र शयोराण, बिजेंद्र, गौरव सैनी, तरूण गोयल, दीपक आहूजा और रविंद्र कुमार शामिल हैं। पुलिस ने कल आरोपियों को कोर्ट में पेश किया था। अजय चौटाला बोले- पुलिस अधिकारी पर एक्शन हो इस विवाद के बाद जजपा सुप्रीमो डॉ. अजय चौटाला ने कहा- स्टूडेंट अपने हक की बात रखने के लिए वाइस चांसलर के पास नहीं जाएंगे तो किसके पास जाएंगे? स्टूडेंट्स पर कोई एक्शन नहीं हुआ। हमारे पार्टी के पदाधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार किया गया। वहां उस दिन एक भी लड़की नहीं थी, वहां लेडी पुलिस लगा रखी थी, ताकि कोई धक्का-मुक्की हो जाए तो उसे इश्यू बना दिया जाए। ये जानबूझकर की गई कार्रवाई है। एक अधिकारी पूर्व डिप्टी सीएम के साथ ऐसा अभद्र व्यवहार करता है। पूर्व डिप्टी सीएम की गाड़ी के आगे गाड़ी अड़ाता है और पिस्तौल तानता है। एक्शन उस पर होना चाहिए, लेकिन हमारी पार्टी के नेताओं पर हो रहा है। उधर, जेजेपी के प्रदेशाध्यक्ष बृज शर्मा ने भाजपा सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि सीआईए इंचार्ज पवन कुमार ने पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला की गाड़ी को टक्कर मारने का प्रयास किया। वहीं, एक पुलिसकर्मी ने पिस्तौल तक तानी, जिसकी वीडियो व सीसीटीवी फुटेज है। यह भाजपा सरकार की सरेआम गुंडागर्दी है। ————————– ये खबर भी पढ़ें…. दुष्यंत चौटाला पुलिसकर्मी को पकड़ने दौड़े,VIDEO:बोले- वैपन ताना, कुचलने की कोशिश की; हिसार GJU विवाद में गिरफ्तारी देने जा रहे थे हरियाणा के हिसार में गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी (GJU) में हुए बवाल के बाद शुक्रवार को भी जमकर हंगामा हुआ। गिरफ्तारी देने SP ऑफिस जा रहे पूर्व डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला ने आरोप लगाया कि पुलिस की एक गाड़ी से उन्हें सब्जी मंडी पुल पर कुचलने का प्रयास किया। सादी वर्दी में एक पुलिसकर्मी ने उन पर वैपन तान दिया। (पूरी खबर पढ़ें)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *