‘पंकज शाम 7 बजे मेरे घर आया। मेरी शादी के लिए रखे 4 लाख रुपए मुझसे मांगने लगा। जब मैंने पैसे देने से इनकार किया, तो पंकज ने मुझपर गोली चला दी। पहली गोली मेरे बांह के पास से निकल गई, जिससे मैं बच गई। इसके बाद पंकज ने दूसरी गोली चलाई, जो मेरी पीठ में लग गई। गोली लगते ही मैं बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। इसके बाद क्या हुआ, मुझे जानकारी नहीं है।’ ये कहना है वैशाली में प्रेमी की फायरिंग से घायल हुई गंगा कुमारी का, जिसका जिले के सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल, पुलिस ने युवती के बयान पर FIR दर्ज कर ली है। दरअसल, वैशाली में एक युवक ने घर में घुसकर पहले युवती को गोली मारी, फिर खुद को शूट कर लिया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती घायल है। मृतक की पहचान पंकज सहनी (24) के रूप में हुई है। घटना से जुड़ी तस्वीरें देखिए… दोनों के बीच कब से चल रहा था अफेयर? लड़के ने वारदात को क्यों और कैसे अंजाम दिया? गांववालों का क्या कहना है? पुलिस इसे हत्या या आत्महत्या क्या मान रही? पढ़िए पूरी रिपोर्ट अब सिलसिलेवार तरीके से पढ़िए पूरी खबर… 5 साल से चल रहा था अफेयर पुलिस के अनुसार, भगवानपुर थाना क्षेत्र के इमादपुर गांव निवासी पंकज सहनी और गंगा कुमारी के बीच पिछले करीब 5 सालों से लव अफेयर चल रहा था। दोनों का घर एक-दूसरे से महज 300 मीटर की दूरी पर स्थित है। पंकज और गंगा की पहली मुलाकात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर हुई थी। वहीं दोनों के बीच मैसेज के जरिए बातचीत शुरू हुई। शुरुआत सामान्य बातचीत से हुई, लेकिन धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे के करीब आते गए। कुछ समय बाद दोनों ने एक-दूसरे का मोबाइल नंबर एक्सचेंज किया, जिसके बाद फोन पर घंटों बातचीत होने लगी। रात में देर तक बातें करना और दिनभर मैसेज के जरिए संपर्क में रहना उनकी लाइफस्टाइल का हिस्सा बन गया था। 2 साल बाद लड़की के परिवार वालों को मिली जानकारी पुलिस की जांच में सामने आया, शुरुआती 2 सालों तक दोनों का रिश्ता बिना किसी विवाद के चलता रहा। दोनों परिवारों को इसकी भनक नहीं थी, इसलिए वे आसानी से संपर्क में रहते थे। जब परिवार वालों को इस रिश्ते की जानकारी मिली तो उन्होंने नाराजगी जाहिर की। दोनों को एक-दूसरे से मिलने से मना किया। इसके बाद भी पंकज उससे बात करता था। कई बार जबरन वो लड़की के घर में घुसने की कोशिश करता था। इस बात को लेकर बड़ा विवाद हुआ था। लड़की के पिता ने पंकज को पकड़कर फटकार भी लगाई थी। हालांकि, गांववालों का तो ये भी कहना है कि उस दिन लड़के की पिटाई भी की गई थी। इस बात से वो काफी खुन्नस रखता था। लड़की के पिता को धमकी भी दी थी। लड़की की शादी तय होने के बाद बढ़ा विवाद ग्रामीणों ने बताया, परिजन के विरोध के बाद दोनों ने कुछ समय के लिए मिलना-जुलना बंद कर दिया था। करीब 6 महीने तक दोनों आमने-सामने होने पर भी सीधे बात नहीं करते थे। हालांकि, इस बीच लड़के ने कई बार अपने परिवार से बात कर के लड़की से शादी करने की जिद की थी। लेकिन लड़की के परिवार वाले किसी भी हालत में राजी नहीं हुए। लड़के के लगातार दबाव को देखते हुए लड़की वालों ने उसके लिए रिश्ता देखना शुरू कर दिया। 2026 के फरवरी में गंगा के पिता ने उसकी शादी वैशाली के ही रहने वाले उमेश से फिक्स कर दी थी। दोनों का छेका हो गया था। मई में शादी होने वाली थी। शादी तय होने के बाद पंकज कई बार लड़की के घर गया और शादी न करने की धमकी दी। परिवार वालों ने तो पुलिस को यह भी बताया कि उसने धमकाया था कि अगर लड़की की शादी कहीं और करोगे तो उसे जान से मार दूंगा। लेकिन हमने उसे गंभीरता से नहीं लिया और बेटी की शादी की तैयारियों में लगे रहे। अब जानिए घटना कैसे हुई, जो लड़की ने बताया घर में अकेले थी लड़की, तभी घुसा पंकज गंगा ने बताया, गुरुवार को मैं अपनी छोटी बहन के साथ घर पर थी। मेरे पिता उपेंद्र सहनी किसी काम से बाहर गए हुए थे। वहीं, मां अपने मायके में थी। इसी दौरान पंकज को अपने ही गांव के कुछ लड़कों से इस बात की जानकारी मिल गई कि मैं और बहन घर पर अकेले हैं। गुरुवार शाम करीब 7 बजे पंकज मेरे घर में घुसा और मेरा नाम चिल्लाना शुरू कर दिया। जब मैं उसके पास गई तो उसने मुझे बंदूक दिखाते हुए कहा, तुम्हारे घर में जो 4 लाख रुपए हैं वो मुझे निकाल कर दो। जब मैंने पैसे देने से मना किया तो पंकज ने फायरिंग कर दी। पहली गोली मेरे बांह के पास से निकल गई। इसके बाद पंकज ने दूसरी गोली चलाई, जो मेरी पीठ के पीछे जाकर लग गई। गोली लगते ही मैं मौके पर गिर गई और बेहोश हो गई। लड़की के पिता बोले- 4 लाख रुपए लूटने पहुंचा था लड़की के पिता उपेंद्र सहनी ने पुलिस को बताया कि घर में शादी के लिए करीब चार लाख रुपए रखे थे, जिसकी जानकारी पंकज को थी। पंकज रुपए लूटने के इरादे से घर में घुसा था। बेटी ने विरोध किया तो पंकज ने उसे गोली मार दी। पिता ने प्रेम प्रसंग की बात से इनकार करते हुए कहा कि पंकज आपराधिक प्रवृत्ति का था। वो लूट-चोरी के मामले में कई बार जेल जा चुका था। वह हाल ही में जेल से बाहर आया था। मृतक के पिता का आरोप- बेटे को घर बुलाकर मारी गोली मृतक पंकज के पिता फेकन सहनी ने बताया, उपेंद्र सहनी ने अपनी बेटी के जरिए मेरे बेटे को घर पर बुलाया। मेरा बेटा उसके घर पर पहुंचा तो उपेंद्र ने उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हम खेत में काम कर रहे थे। कुछ देर बाद लोगों ने शोरगुल मचाया। पूछने पर पता चला कि उपेंद्र सहनी ने गोली मारकर मेरे बेटे की हत्या कर दी। इसके बाद हम घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी ने कहा- प्रेम प्रसंग के मामले में गोली चली है SP विक्रम सिहाग ने बताया कि लड़के ने पहले लड़की को गोली मारी। इसके बाद खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। प्रेम प्रसंग का मामला है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। मौके पर से FSL की टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। लड़की को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। लड़के का अपराधिक इतिहास सामने आया है। पूरे मामले की जांच पड़ताल करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की थ्योरी पर उठते सवाल घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि यदि पंकज ने पहले गंगा कुमारी को गोली मारी और फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली, तो आखिर हथियार घटनास्थल से गायब कैसे हो गया? पुलिस को मौके से पिस्टल नहीं मिली। वहीं जहां गोली चलने की बात कही जा रही है, वहां से खाली खोखा मिलने के बजाय एक जिंदा कारतूस बरामद होने की चर्चा है। जिस कमरे में गंगा को गोली लगने की बात सामने आई, वहां भी कोई खोखा नहीं मिला।