फरीदकोट में टीचर की प्रताड़ित होकर छात्र ने दी जान:रोल नंबर देने को लेकर बेइज्जत किया था, इंस्टा पर पोस्ट डालकर नहर में कूदा, 8 दिन बाद मिला शव

फरीदकोट के गांव सुखनवाला के रहने वाले बीए प्रथम वर्ष के एक छात्र योगेश शर्मा ने मानसिक प्रताड़ना के चलते सरहिंद नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली। योगेश ने 25 अप्रैल 2026 को नहर में छलांग लगाई थी, जिसके बाद उसका शव 2 मई को फाजिल्का जिले के पास अबोहर ब्रांच से बरामद हुआ। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम का माहौल है और पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। मृतक के पिता गुरसेवक पाल की शिकायत पर पुलिस ने जिला मोगा के गांव गुरु तेग बहादुरगढ़ स्थित गुरु नानक सरकारी कॉलेज के शिक्षक हरदीप सिंह बराड़ के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी टीचर पर छात्र को प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस की टीमें अब आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
चाचा से गूगल पे से मंगवाए थे 500 रुपए शिकायत के अनुसार, 24 अप्रैल को योगेश कॉलेज गया था और उसने अपने चाचा से गूगल पे के जरिए 500 रुपये मंगवाए थे। योगेश ने बताया था कि टीचर और लाइब्रेरी इंचार्ज हरदीप सिंह बराड़ रोल नंबर जारी करने और लाइब्रेरी की किताबें जमा न होने के बदले इस राशि की मांग कर रहे हैं। परिवार का आरोप है कि शिक्षक ने किताबों को लेकर योगेश को सबके सामने काफी अपमानित किया, जिससे वह गहरे मानसिक तनाव में आ गया था। इंस्टाग्राम पर की भावुक पोस्ट खौफनाक कदम उठाने से पहले योगेश ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर एक भावुक पोस्ट भी साझा की थी। इस पोस्ट में उसने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए लिखा था कि संबंधित शिक्षक को सजा दिलवाई जाए और साथ ही अपने परिवार को ‘मिस’ करने की बात भी लिखी थी। यह पोस्ट अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसे पुलिस ने साक्ष्य के तौर पर अपनी जांच में शामिल कर लिया है। पुलिस बोली- मामला दर्ज, होगी सख्त कार्रवाई डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि थाना सदर में आरोपी शिक्षक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *