फरीदकोट जिले में थाना जैतो पुलिस और एक्साइज विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक आरोपी के घर से 200 लीटर लाहन बरामद की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आशंका जताई जा रही है कि इससे तैयार होने वाली अवैध शराब का इस्तेमाल नगर काउंसिल चुनाव में बांटने के लिए किया जा सकता था। हालांकि पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार थाना जैतो के एएसआई गुरचरण सिंह पुलिस पार्टी के साथ गश्त के दौरान गांव सेवेवाला बस स्टैंड पहुंचे, जहां उनकी मुलाकात एक्साइज इंस्पेक्टर प्रतीक गुप्ता और उनकी टीम से हुई। एक्साइज विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव चंदभान निवासी गुरदेव सिंह पुत्र सुरजीत सिंह अवैध शराब तैयार कर बेचने का काम करता है। सूचना को पुख्ता और भरोसेमंद मानते हुए पुलिस और एक्साइज विभाग ने आरोपी के घर पर छापेमारी की। हालांकि आरोपी मौके पर नहीं मिला, लेकिन उसके घर से 200 लीटर लाहन बरामद हुई, जिसका इस्तेमाल अवैध शराब तैयार करने में किया जाता है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है-जांच अधिकारी जिले में 26 मई को नगर काउंसिल चुनाव होने जा रहे हैं, ऐसे में यह भी संभावना जताई जा रही है कि शराब चुनाव के दौरान बांटने के उद्देश्य से तैयार की जा रही थी। फिलहाल पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है। इस मामले में जांच अधिकारी एएसआई गुरचरण सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत थाना जैतो में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।