पंजाब में बेअदबी के खिलाफ सख्त कानून बनाए जाने के बाद राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा 6 से 9 मई तक निकाली जा रही 4 दिवसीय ‘शुकराना यात्रा’ का 7 मई को फरीदकोट में आगमन होगा। इसको लेकर जिले में धार्मिक, सामाजिक, राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर स्वागत तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस दौरान सीएम को सम्मानित भी किया जाएगा। फरीदकोट से विधायक गुरदित्त सिंह सेखों ने जानकारी देते हुए बताया कि यहां पहुंचने पर मुख्यमंत्री का संत-महापुरुषों, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों, ग्रंथी सिंहों और विभिन्न धार्मिक संस्थाओं द्वारा भव्य स्वागत और सम्मान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक यात्रा में बड़ी संख्या में संगत भी शामिल होगी। 9 मई को फतेहगढ़ साहिब में संपन्न होगी यात्रा उन्होंने बताया कि जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) अधिनियम-2026 के कानून बनने पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब के प्रति आभार प्रकट करने के उद्देश्य से यह यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा 6 मई को श्री आनंदपुर साहिब से शुरू होकर तख्त श्री दमदमा साहिब, श्री दुख निवारण साहिब सहित विभिन्न प्रमुख धार्मिक स्थलों से गुजरते हुए 9 मई को श्री फतेहगढ़ साहिब में संपन्न होगी। बेअदबी मामलों पर नकेल कसने को बनाया सख्त कानून- सेखों इस मौके पर विधायक सेखों ने कहा कि हाल ही में राज्य सरकार ने बेअदबी के खिलाफ सख्त कानून बनाया है, ताकि ऐसी घटनाओं पर नकेल कसी जा सके। नए कानून में आरोपी को अंतिम सांस तक जेल में रहने की सजा व 25 लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान रखा गया है। उन्होंने फरीदकोट क्षेत्र के लोगों को 7 मई वाले दिन होने वाले स्वागत कार्यक्रम में शामिल होकर मुख्यमंत्री का सम्मान करने और कानून के लिए आभार व्यक्त करने की अपील की है।