फरीदकोट की केंद्रीय मॉडर्न जेल में बंद हवालातियों से मोबाइल फोन बरामद होने का सिलसिला लगातार जारी है। जेल प्रशासन ने एक बार फिर विभिन्न बैरकों की तलाशी के दौरान 3 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस संबंध में थाना सिटी फरीदकोट पुलिस को शिकायत भेजकर 5 हवालातियों के खिलाफ जेल एक्ट के तहत मामला दर्ज करवाया गया है। जेल के सहायक अधीक्षक गुरचरण सिंह ने बताया कि जेल अधीक्षक के दिशा-निर्देशों पर कर्मचारियों द्वारा समय-समय पर विभिन्न बैरकों की गहन जांच की जाती है। इसी के तहत बुधवार रात जेल कर्मचारियों की टीम ने सभी बैरकों में तलाशी अभियान चलाया। पांच हवालातियों के खिलाफ केस दर्ज तलाशी के दौरान जेल में बंद 5 हवालातियों फाजिल्का निवासी हरजिंदर सिंह, बुध प्रकाश, फिरोजपुर निवासी जसविंदर सिंह, मोगा निवासी साहिब सिंह और मनप्रीत सिंह से तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने उक्त 5 हवालातियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। नामजद हवालातियों को प्रोडक्शन वारंट पर लाएगी पुलिस-जांच अधिकारी इस मामले के जांच अधिकारी व जेल विंग के इंचार्ज एएसआई गुरपाल सिंह ने बताया कि अब नामजद हवालातियों को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की जाएगी। साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि जेल के अंदर मोबाइल फोन उनके पास कैसे पहुंचे।