फरीदाबाद की कॉलोनी में 5 गाड़ियों में लगी आग:मॉनिंग वॉक पर आए लोगों ने देखी; कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस

फरीदाबाद शहर की जवाहर कॉलोनी और प्रेस कॉलोनी के बीच स्थित एक खाली मैदान में मंगलवार तड़के करीब पांच गाड़ियों में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना सुबह लगभग 4:30 से 5 बजे के बीच की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची फायर विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पांचों गाड़ियां बुरी तरह जल चुकी थी। वॉक पर निकले लोगों ने देखा स्थानीय निवासी विक्रम ने बताया कि सुबह करीब 4:30 बजे जब वह अपने घर से सुबह-सुबह वॉक लर जाने के लिए निकले, तो उन्हें जलने की बदबू और धुआं दिखाई दिया। जब वह पास के खाली मैदान की ओर गए, तो देखा कि एक गाड़ी में आग लगी हुई थी। उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को बुलाया और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन कई गाड़ियां सीएनजी की होने के कारण लोग ज्यादा करीब जाने से डर रहे थे। इसी दौरान आग तेजी से फैलती गई और पास खड़ी अन्य गाड़ियां भी उसकी चपेट में आ गईं। देखते ही देखते कुल पांच गाड़ियों में आग लग गई। खाली मैदान में खड़ी थी गाड़ियां विक्रम ने बताया कि जवाहर कॉलोनी और प्रेस कॉलोनी के बीच लक्ष्मी डेयरी के पास एक खाली मैदान है, जहां आसपास के लोग अपनी गाड़ियां खड़ी कर देते हैं। उसी मैदान में ये सभी गाड़ियां खड़ी थीं। शुरुआत में एक गाड़ी में आग लगी थी, लेकिन उसके साथ खड़ी तीन-चार अन्य गाड़ियां भी धीरे-धीरे आग की चपेट में आ गईं। लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन फायर विभाग के पहुंचने से पहले ही सभी गाड़ियां पूरी तरह आग की चपेट में आ चुकी थी। फायर ब्रिगेड की 2 गाड़िया पहुंची एनआईटी फायर स्टेशन के फायर ऑफिसर सुखबीर यादव ने बताया कि सुबह करीब 4:45 बजे फायर स्टेशन पर कई गाड़ियों में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी टीम के साथ मौके पर पहुँची और आग बुझाने का काम शुरू किया। टीम ने कड़ी मेहनत के बाद सभी गाड़ियों में लगी आग पर काबू पा लिया। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि कई गाड़ियां सीएनजी की थी, जिससे आग तेजी से फैल सकती है। हादसे में कोई जनहानि नही वहीं सारन थाना के थाना प्रभारी ब्रह्म प्रकाश ने बताया कि डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली थी कि जवाहर कॉलोनी और प्रेस कॉलोनी के बीच खड़े वाहनों में आग लग गई है। पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है। यह भी संभावना जताई जा रही है कि आग किसी तकनीकी कारण, सीएनजी लीकेज या किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा लगाई गई हो सकती है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन पांच गाड़ियां जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *