फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र में धीरज नगर और टीटू कॉलोनी पार्ट-2 के पास स्थित बुढ़िया नाले में करीब डेढ़ साल की एक बच्ची का शव मिलने से सनसनी फैल गई। बच्ची का शव नाले में लोहे के जाल में अटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नाले से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। यह घटना गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे सामने आई। धीरज नगर और टीटू कॉलोनी पार्ट-2 के बीच से गंदे पानी का एक बड़ा नाला गुजरता है, जिसे स्थानीय लोग बुढ़िया नाला कहते हैं। नाले के ऊपर से आने-जाने के लिए स्थानीय लोगों ने एक कच्ची पगडंडी बना रखी है। इसी पगडंडी के नीचे नाले के किनारे एक छोटी बच्ची का शव लोहे के जाल में फंसा हुआ दिखाई दिया। दो स्कूली बच्चों को दिखाई दिया शव स्थानीय निवासी सुमित ने बताया कि वह उस समय पास की एक पान की दुकान पर खड़ा था। तभी पगडंडी से गुजर रहे दो स्कूल के बच्चों की नजर नाले के अंदर पड़ी। बच्चों ने देखा कि एक छोटी बच्ची नाले के किनारे अटकी हुई है। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। जब स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और करीब जाकर देखा तो पता चला कि बच्ची मृत अवस्था में नाले के किनारे फंसी हुई थी। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद पल्ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बच्ची के शव को नाले से बाहर निकाला। दूर से पानी में शव के बहकर आने का अंदेशा इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की कि कहीं यह बच्ची इलाके की तो नहीं है, लेकिन किसी ने भी बच्ची की पहचान नहीं की। प्राथमिक तौर पर ऐसा अंदेशा जताया जा रहा है कि बच्ची का शव नाले में कहीं दूर से बहकर यहां तक पहुंचा होगा और किनारे पर आकर अटक गया। हालांकि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस प्रवक्ता बोले- बच्ची की पहचान कराने की कोशिश फरीदाबाद पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि पल्ला थाना क्षेत्र के टीटू कॉलोनी पार्ट-2 के पास गंदे नाले में एक बच्ची का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। उन्होंने बताया कि बच्ची की उम्र करीब एक से डेढ़ साल के बीच लग रही है। फिलहाल बच्ची की पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस उसकी पहचान करने के लिए आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है। साथ ही मामले की जांच भी जारी है।