फरीदाबाद में बांग्लादेश के स्टूडेंट का सुसाइड:हॉस्टल में पंखे से लटका मिला शव; बीटेक सेकंड ईयर का छात्र, प्रेम-प्रसंग का शक

फरीदाबाद के सूरजकुंड क्षेत्र स्थित एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज के हॉस्टल में बांग्लादेश के एक छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान मुस्ताक के रूप में हुई है, जो बीटेक सेकंड ईयर का छात्र था। घटना की सूचना मिलते ही सूरजकुंड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में मामला प्रेम संबंधों से जुड़ा हुआ माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार, मुस्ताक कॉलेज हॉस्टल की दूसरी मंजिल पर अपने एक साथी छात्र के साथ रह रहा था। घटना के समय उसका रूममेट किसी काम से बाहर गया हुआ था। जब वह वापस कमरे में पहुंचा तो उसने मुस्ताक को पंखे से लटका देखा। पंखे से लटके मुस्ताक को देखकर हॉस्टल के छात्रों में हड़कंप मच गया। साथी छात्रों ने तुरंत उसे नीचे उतारकर नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बांग्लादेश दूतावास को दी जानकारी सुरजकुंड थाना इंचार्ज पह्ललाद ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे। कमरे की तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है। मृतक के परिजनों के साथ-साथ बांग्लादेश दूतावास को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। प्रेम-प्रसंग की आशंका जताई जा रही पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान कुछ ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिनसे प्रेम-प्रसंग की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि छात्र की एक युवती से बातचीत होती थी। हालांकि वह कॉलेज की छात्रा नहीं बताई जा रही। फिलहाल, पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *