फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ में रघुवीर कॉलोनी और तिरखा कॉलोनी से सेक्टर-2 की ओर आने वाले रास्ते को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने बड़ी-बड़ी दीवारें बनाकर पूरी तरह बंद कर दिया है। साथ ही सेक्टर की ओर अवैध रूप से बनाए गए गेट और खिड़कियों को भी बड़े-बड़े सीमेंट के पत्थर लगाकर बंद कर दिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस की मौजूदगी में की गई। सेक्टर-2 आरडब्ल्यूए के प्रधान अधिवक्ता लेखपाल नगर ने बताया कि तिरखा कॉलोनी से सेक्टर-2 की ओर आने वाली सड़क पर उनका पहला मकान है। उनके अनुसार तिरखा कॉलोनी और रघुवीर कॉलोनी की तरफ से अक्सर कई समस्याएं सामने आती थी। कॉलोनियों से आने वाले सीवरेज का पानी कई बार ओवरफ्लो होकर सेक्टर में फैल जाता था। जिससे गंदगी और बदबू की समस्या बनी रहती थी। पशुओं को कारण परेशान थे सेक्टरवासी इसके अलावा डेयरी संचालक अपने पशुओं को खुला छोड़ देते थे, जो अक्सर सेक्टर में घुस आते थे। कई बार गाय और भैंस घरों के बाहर खड़े वाहनों को भी नुकसान पहुंचा देती थी। इन समस्याओं के कारण सेक्टर-2 के निवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई बार दे चुके शिकायत स्थानीय लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार प्रशासन को शिकायत दी गई थी। इसके बाद प्रशासन की ओर से मामले को लेकर कोर्ट में याचिका दायर की गई। याचिका में बताया गया कि तिरखा कॉलोनी और रघुवीर कॉलोनी से सेक्टर-2 की ओर जाने वाला रास्ता अवैध रूप से बनाया गया है और इससे सेक्टर में रहने वाले लोगों को लगातार परेशानी हो रही है। कोर्ट के आदेश पर बनाई दीवार कोर्ट में सुनवाई के बाद हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की याचिका पर फैसला देते हुए आदेश दिया गया कि दोनों कॉलोनियों से सेक्टर-2 की ओर आने वाले रास्ते को दीवार बनाकर पूरी तरह बंद कर दिया जाए। स्थानीय निवासियों के अनुसार, करीब दो दिन पहले एचएसवीपी के अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और रघुवीर कॉलोनी व तिरखा कॉलोनी से सेक्टर-2 की ओर आने वाले रास्ते पर दो बड़ी दीवारें बनाकर उसे पूरी तरह बंद कर दिया। हालांकि, लोगों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए दोनों ओर पैदल चलने के लिए छोटा रास्ता छोड़ा गया है, लेकिन वहां से दोपहिया वाहन भी नहीं निकल सकता। इलाके में चर्चा का माहौल इसके अलावा कुछ मकानों की ओर से सेक्टर की तरफ अवैध रूप से निकाले गए गेट और खिड़कियों के सामने भी बड़े-बड़े सीमेंट के पत्थर लगाकर उन्हें बंद कर दिया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।