बहादुरगढ़ सीवर हादसे में मृतक के परिवार को 50 लाख:पत्नी को नौकरी; दलाल खाप की पंचायत के बाद हुआ अंतिम संस्कार

झज्जर जिले के बहादुरगढ़ के महाराजा अग्रसेन अस्पताल परिसर में सीवर हादसे में मृतक प्लंबर सुनील के मामले में दो दिन से चला आ रहा विवाद पंचायत के बाद शांत हो गया। प्रशासन और दलाल खाप 84 के प्रतिनिधियों के बीच सहमति बनने पर परिजन पोस्टमॉर्टम कराने और शव लेने के लिए राजी हो गए। बाद में गांव में गमगीन माहौल में सुनील का अंतिम संस्कार किया गया। सुबह नागरिक अस्पताल में दलाल खाप 84 के प्रधान भूप सिंह की मौजूदगी में पंचायत हुई। इसमें विधायक राजेश जून, किसान नेता रमेश दलाल, जजपा नेता संजय दलाल समेत कई गांवों के सरपंच, पूर्व सरपंच और बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। प्रशासन की ओर से एसडीएम अभिनव सिवाच, तहसीलदार सुदेश और एसीपी प्रदीप नैन मौजूद रहे। पांच सदस्यीय कमेटी और प्रशासन के बीच पंचायत में मृतक परिवार को न्याय दिलाने और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सुनील को उसके मूल काम से हटाकर सीवर में उतारा गया था। पांच सदस्यीय कमेटी और प्रशासन के बीच हुई बातचीत के बाद मृतक परिवार को 50 लाख रुपये आर्थिक सहायता, सुनील की पत्नी को नौकरी और परिवार को जीवनभर मेडिकल सुविधा देने पर सहमति बनी। बता दें कि पिछले सोमवार को अस्पताल परिसर में सीवर मेनहोल के कार्य के दौरान जहरीली गैस से चार कर्मचारी बेहोश हो गए थे। गंभीर हालत में सुनील को दिल्ली रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *