बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में PK ने जीत का किया दावा:बोले- राजद और कांग्रेस 40 साल से प्रभावी चुनौती नहीं दे पाए

जन सुराज अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने शनिवार को झंझारपुर में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने दावा किया कि इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को केवल जन सुराज ही चुनौती दे सकता है। किशोर ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस पिछले 40 वर्षों से इस सीट पर प्रभावी चुनौती तक नहीं दे पाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बांकीपुर सीट पर राजद और कांग्रेस की स्थिति इतनी कमजोर रही है कि वे आधा मत भी हासिल नहीं कर पाते, ऐसे में चुनाव जीतने की बात करना व्यर्थ है। राजनीतिक विकल्प की तलाश कर रही जनता प्रशांत किशोर ने दावा किया कि जनता अब पारंपरिक राजनीति से ऊब चुकी है और बिहार में एक नए राजनीतिक विकल्प की तलाश कर रही है। उनके अनुसार, जन सुराज इसी नए विकल्प का प्रतिनिधित्व कर रहा है। वहीं, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को लेकर पूछे गए सवाल पर भी पीके ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि 20 मिलियन लोग किसी एक प्लेटफॉर्म पर एकजुट होकर सरकार के खिलाफ अपनी बात रख रहे हैं, तो यह सरकार के लिए चिंता का विषय होना चाहिए। यह इस बात का संकेत है कि बड़ी संख्या में लोग वर्तमान व्यवस्था से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता की आवाज को हल्के में लेना सरकार के लिए भारी पड़ सकता है। बिहार की राजनीति में तेजी से बदलते समीकरणों के बीच प्रशांत किशोर का यह बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *