केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने कुख्यात अपराधी भोला सिंह उर्फ गौतम कुमार उर्फ अमित शर्मा को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी कोलकाता के 2 निवासियों के अपहरण से संबंधित मामले में हुई है, जो 14 जुलाई 2014 से लापता है। भोला सिंह बाढ़ अनुमंडल के पंडारक का निवासी है। कोलकाता के गुमशुदा व्यक्तियों का मामला उच्च न्यायालय की ओर से सीबीआई को सौंपा गया था। आरोपी भोला सिंह 2015 में जांच शुरू होने के बाद से फरार था। वह अमित शर्मा के नाम से फर्जी पहचान पत्रों का इस्तेमाल कर सूरत में छिपा हुआ था। सीबीआई ने उसके छिपने के ठिकाने की पहचान की और गिरफ्तार किया। बिहार पुलिस ने 12 मामले पहले से कर रखा है दर्ज इस मामले के अलावा, भोला सिंह बिहार पुलिस की ओर से दर्ज 11 अन्य मामलों में भी वांछित है। इन मामलों में अपहरण, हत्या का प्रयास, हत्या, अवैध हथियार और विस्फोटक रखने जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। भोला सिंह को कोलकाता लाने के लिए सूरत की स्थानीय अदालत में पेश किया जा रहा है, ताकि ट्रांजिट रिमांड मिल सके। इसके बाद, उसे हिरासत में पूछताछ के लिए कोलकाता की अदालत में पुलिस रिमांड के लिए पेश किया जाएगा।
अनंत सिंह के साथ एनटीपीसी में ठेकेदारी करता था भोला सिंह कभी मोकामा विधायक अनंत सिंह के साथ एनटीपीसी में ठेकेदारी करता था। इसके बाद लंबे समय तक दोनों के बीच अदावत रही थी। विधानसभा चुनाव के दौरान भोला सिंह के भाई मुकेश सिंह और अनंत सिंह में फिर सुलह हो गई थी।