बिहार- रोहतास-कैमूर का पारा 45°C पहुंचा:10 जिलों का तापमान 40°C पार; 14 में हीटवेव का अलर्ट; पटना में स्कूल बंद, गयाजी-जहानाबाद में समय बदला

बिहार में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। गुरुवार को प्रदेश के 10 जिलों तापमान 40 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया। जबकि रोहतास के डेहरी का तापमान 45 डिग्री के काफी करीब पहुंच गया। यहां गुरुवार को 44.6°C दर्ज किया गया। वहीं, कैमूर का तापमन 44.4°C रहा। जबकि बक्सर का 43.4°C और औरंगाबाद का तापमान 43.3°C दर्ज किया गया। पटना में भी उमस भरी गर्मी और तेज धूप के कारण लोग परेशान दिखे। गुरुवार को यहां का तापमान 42°C रहा। भीषण गर्मी के चलते गयाजी और जहानाबाद में 5वीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए। जबकि क्लास 6 से आठवीं तक सुबह 11 बजे तक ही पढ़ाई होगी। पटना में भी 26 मई तक क्लास 5वीं तक के सभी स्कूल बंद करने के आदेश दिए गए। इस बीच मौसम विभाग ने आज 14 जिलों में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। दोपहर के समय में लू चलने की आशंका है। तापमान में भी बढ़ोतरी हो सकती है। जरूरी काम होने पर ही लोगों को घर से बाहर निकलने की अपील की गई है। आकाशीय बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत इधर, गुरुवार को सहरसा, बेगूसराय, समेत कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश हुई। सुपौल, मधुबनी में भी काले बादल छाने से अंधेरा छा गया। दरभंगा में आंधी-बारिश के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र(PHC) में फॉल्स सीलिंग गिर गई। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने से राज्य में 3 लोगों की मौत हो गई। मधेपुरा में बिजली गिरने से दो युवकों की मौत हो गई। 5 घायल हैं। सहरसा में बिजली गिरने से किसान की जान चली गई। यहां भी करीब 5 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मौसम की कुछ तस्वीरें देखिए दरभंगा में आंधी-बारिश के दौरान अस्पताल की सीलिंग टूटी दरभंगा के गंगवाड़ा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में तेज आंधी-तूफान और बारिश के दौरान फैब्रिक से बने भवन का एक हिस्सा टूटकर गिर गया। कई जगहों पर फॉल्स सीलिंग गिर गई, जबकि दीवारें भी अपनी जगह से खिसकने लगीं। हादसे में एक ANM को हल्की चोट आई है। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। डॉक्टर, नर्स, स्वास्थ्यकर्मी और मरीज जान बचाने के लिए भवन से बाहर भाग निकले। करीब 50 स्वास्थ्यकर्मी किसी तरह सुरक्षित बाहर निकले। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्थिति इतनी भयावह थी कि लोगों को भूकंप जैसा एहसास होने लगा। बता दें कि सदर PHC पहले प्रखंड मुख्यालय के पास पुराने जर्जर भवन में संचालित होता था। जगह की कमी और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए करीब एक साल पहले इसे गंगवाड़ा के नए फैब्रिक भवन में शिफ्ट किया गया था। मधेपुरा में आकाशीय बिजली गिरने से 2 युवकों की मौत मधेपुरा के बिहारीगंज थाना क्षेत्र की लक्ष्मीपुर लालचंद पंचायत में गुरुवार को आकाशीय बिजली गिरने से दो युवकों की मौत हो गई। पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान 22 साल रंजीत राम के रूप में हुई है। वहीं घायलों में किशोर राम, सुमन कुमार, अरविंद कुमार और साजन कुमार शामिल हैं। सभी घायलों का स्थानीय स्तर पर इलाज कराया जा रहा है। सभी युवक घर से करीब 100 मीटर दूर गजेंद्र राम के बासा के पास मक्का सुखा रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। वज्रपात इतना तेज था कि पिंटू राम और रंजीत राम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आसपास मौजूद अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। बिहार में ऐसा मौसम क्यों बना हुआ है मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बिहार में इस समय पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी दिशा से गर्म और शुष्क पछुआ हवाएं लगातार आ रही हैं। राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के गर्म इलाकों का असर सीधे बिहार के दक्षिणी हिस्सों पर पड़ रहा है। यही वजह है कि तापमान लगातार बढ़ रहा है। लू जैसी स्थिति बन रही है। दूसरी तरफ बंगाल की खाड़ी से हल्की नमी सीमांचल के कुछ हिस्सों तक पहुंच रही है। इसी कारण उत्तर-पूर्वी बिहार के जिलों में बादल और हल्की बारिश की स्थिति बन रही है। मौसम विभाग का मानना है कि अगले कुछ दिनों तक यही स्थिति बनी रह सकती है। दक्षिण बिहार में लू का सबसे ज्यादा असर मौसम विभाग के अनुसार, ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में भीषण गर्मी और लू चलने की आशंका है। दोपहर में गर्म हवा लोगों को झुलसा सकती है। इन जिलों में रहने वाले लोगों को बेहद सतर्क रहने की सलाह दी गई है। यलो अलर्ट वाले जिलों में भी तेज धूप और गर्म हवा का असर बना रहेगा। खासकर दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *