सोनीपत नगर निगम चुनाव में इस बार मतदान का ट्रेंड बेहद दिलचस्प और चौंकाने वाला रहा। जहां भाजपा मेयर प्रत्याशी राजीव जैन और कांग्रेस प्रत्याशी कमल दीवान के अपने बूथों पर ही मतदान प्रतिशत काफी कम दर्ज किया गया। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के बूथों पर मतदाताओं ने रिकॉर्ड मतदान कर नई मिसाल पेश कर दी। भाजपा प्रत्याशी राजीव जैन ने सेक्टर-15 स्थित डीएवी मल्टीपरपज स्कूल के बूथ नंबर-61 पर परिवार सहित मतदान किया था, लेकिन उनके बूथ पर केवल 50 प्रतिशत मतदान हुआ। दूसरी तरफ कांग्रेस प्रत्याशी कमल दीवान के मॉडल टाउन स्थित बूथ नंबर-104 पर महज 35 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। चुनावी आंकड़ों ने साफ कर दिया कि शहर के पढ़े-लिखे और पॉश इलाकों में मतदाता उदासीन नजर आए, जबकि गांवों में लोगों ने लोकतंत्र के पर्व में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। राजीव जैन के बूथ पर केवल 50 प्रतिशत मतदान भाजपा मेयर प्रत्याशी राजीव जैन ने डीएवी मल्टीपरपज स्कूल सेक्टर-15 स्थित बूथ नंबर-61 पर मतदान किया था। इस बूथ पर कुल 1208 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें 628 पुरुष और 580 महिला मतदाता शामिल थे। हालांकि मतदान के दिन यहां केवल 604 वोट ही डाले गए, जिससे मतदान प्रतिशत 50 पर सिमट गया। यह आंकड़ा शहर के बड़े और शिक्षित क्षेत्रों में मतदाताओं की कम रुचि को दर्शाता है। कमल दीवान के बूथ पर महज 35 प्रतिशत वोटिंग कांग्रेस प्रत्याशी कमल दीवान ने राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मॉडल टाउन स्थित बूथ नंबर-104 पर मतदान किया था। इस बूथ पर कुल 815 मतदाता दर्ज थे, लेकिन केवल 282 मतदाताओं ने ही वोट डाला। यानी यहां मतदान प्रतिशत महज 35 रहा। चुनावी माहौल और राजनीतिक सक्रियता के बावजूद उम्मीदवारों के अपने क्षेत्रों में कम मतदान चर्चा का विषय बना रहा। ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान को लेकर दिखा जबरदस्त उत्साह जहां शहर के बूथों पर मतदाता कम संख्या में पहुंचे, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में लोकतंत्र के प्रति लोगों का उत्साह चरम पर दिखाई दिया। गांवों में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लगी रहीं और कई बूथों पर मतदान प्रतिशत 70 से 90 प्रतिशत तक पहुंच गया। ग्रामीण मतदाताओं ने बड़ी संख्या में घरों से निकलकर मतदान किया और चुनावी प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाई। लिवान गांव ने बनाया रिकॉर्ड जिले में सबसे अधिक मतदान लिवान गांव के राजकीय प्राथमिक पाठशाला बूथ पर दर्ज किया गया। यहां कुल 1018 मतदाताओं में से 917 लोगों ने मतदान किया, जो करीब 90 प्रतिशत रहा। इसके अलावा जोशी जाट गांव के राजकीय माध्यमिक विद्यालय बूथ पर 745 में से 646 वोट पड़े और मतदान प्रतिशत 87 दर्ज किया गया। राई क्षेत्र के बूथों पर भी शानदार मतदान राई क्षेत्र के विभिन्न बूथों पर भी मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। राजकीय उच्च विद्यालय राई के एक बूथ पर 906 में से 738 वोट पड़े और मतदान प्रतिशत 81 रहा। वहीं दूसरे बूथ पर 977 में से 740 वोट पड़े, जो 76 प्रतिशत मतदान रहा। इसके अलावा रायपुर, लिवासपुर, देवड़ू और गढ़ शहजानपुर के बूथों पर भी 70 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया। शहर के पॉश इलाकों में मतदाताओंने नहीं ली रूचि ग्रामीण क्षेत्रों के विपरीत शहर के पॉश और शिक्षित इलाकों में मतदान को लेकर अपेक्षित उत्साह नजर नहीं आया। लहराड़ा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के बूथ पर जिले का सबसे कम मात्र 24 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां कुल 404 मतदाताओं में से केवल 97 लोगों ने वोट डाला। मॉडल टाउन और कोर्ट रोड पर भी कम वोटिंग मॉडल टाउन और कोर्ट रोड जैसे क्षेत्रों के बूथों पर भी मतदान प्रतिशत काफी कम रहा। मॉडल टाउन स्थित बूथों पर 31 से 35 प्रतिशत तक मतदान दर्ज किया गया, जबकि कोर्ट रोड स्थित हिंदू वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के बूथों पर 36 से 38 प्रतिशत वोटिंग हुई। सीआरजेड स्कूल, लिटल एंजल्स स्कूल और विकास सदन जैसे बूथों पर भी मतदान प्रतिशत बेहद कम रहा। सबसे अधिक मतदान वाले प्रमुख बूथ सबसे अधिक मतदान वाले बूथों में लिवान, जोशी जाट, राई, रायपुर, देवड़ू और गढ़ शहजानपुर के बूथ शामिल रहे। कई बूथों पर 70 से 90 प्रतिशत तक मतदान दर्ज किया गया, जिससे ग्रामीण मतदाताओं की जागरूकता और सक्रियता साफ दिखाई दी। सबसे कम मतदान वाले बूथों में शहर के केंद्र शामिल सबसे कम मतदान वाले बूथों की सूची में लहराड़ा, मॉडल टाउन, कोर्ट रोड, सीआरजेड स्कूल और आरके कॉलोनी मुरथल के बूथ शामिल रहे। इन बूथों पर मतदान प्रतिशत 24 से 39 प्रतिशत के बीच सिमट गया। 20 टेबलों पर 14 राउंड में होगी मतगणना नगर निगम चुनाव की मतगणना अब 13 मई को बिट्स मोहाना स्थित मतगणना केंद्र में सुबह 8 बजे से शुरू होगी। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मतगणना कुल 20 टेबलों पर 14 राउंड में करवाई जाएगी। ईवीएम की सुरक्षा, सीलिंग और जांच के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं। इसके अलावा कंट्रोल रूम से लाइव अपडेट जारी किए जाएंगे। मतगणना केंद्र पर डॉक्टरों की टीम, एम्बुलेंस, बिजली और जलपान की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।